शहर में दो जगह हुआ दशानन का दहन

Uncategorized

फर्रुखाबाद: शहर के फतेहगढ़ व बीबीगंज में अलग अलग जगहों पर दशानन के पुतले में आग लगाकर असत्य पर सत्य की विजय की लीला का मंचन किया गया। भगवान राम ने घंटों युद्ध के बाद रावण का संहार कर विजय श्री हासिल की।

घुमना बाजार से शुरू की गयी बीबीगंज की रामलीला की शोभायात्रा रावण की सेना से युद्ध करती हुई चौक, पक्कापुल, तिकोना होते हुए गुरुगांवदेवी मंदिर पहुंची। जहां पर श्री राम, लक्ष्मण व हनुमान जी का युद्ध रावण के साथ कई घंटे हुआ। भीषण अट्टाहस के साथ रावण ने कई बार लक्ष्मण को मूर्छित भी किया। काफी देर राम रावण का युद्ध चलता रहा। अंत में प्रभु श्री राम ने रावण को आखिर धूल चटा ही दी। रावण के गिरते ही श्री राम की जय जय कार गूंज उठी। जिसके बाद भगवान श्री राम ने रावण के पुतले पर भी वाण चलाया और एक ही वाण में रावण का पुतला धूं धूं कर जल उठा। राम रावण का युद्ध देखने मंत्री नरेन्द्र सिंह भी गुरुगांव देवी मंदिर पहुंचे।

वहीं दूसरी तरफ फतेहगढ़ रामलीला कमेटी द्वारा आर्मी मैदान में बनाये गये रावण, मेघनाथ व कुम्भकरण के पुतले में भी प्रभु श्री राम ने तीर चलाकर वध किया और पुतले को आग के हवाले किया गया। इस दौरान आर्मी अधिकारियों के अलावा पुलिस अधीक्षक नीलाब्जा चौधरी अपनी पत्नी व बच्चे के साथ रावण दहन का आनंद उठाने पहुंचे।