मीडिया कर्मी से मारपीट में दबंग सपाई से छिनी लालबत्ती

Uncategorized

मीडिया कर्मी के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बनाने  के मामले में गिरफ्तार उत्तर प्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष नटवर गोयल को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बर्खास्त कर दिया है। उन्हें समाजवादी पार्टी से भी निकाल दिया गया है।

नटवर गोयल का व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अपार्टमेंट लखनऊ के लालबाग में है। मंगलवार को छायाकार आशुतोष गुप्ता नजदीक की जमीन पर हो रही खुदाई के फोटोग्राफ लेने गए थे। तभी नटवर के करीबियों ने आशुतोष को पकड़ लिया। अपार्टमेंट की महिलाएं भी हॉकी व डंडे लेकर आ गई। नटवर भी वहां पहुंच गए। उन्होंने, उनके मैनेजर रवि सिंह, व महिलाओं ने मिलकर आशुतोष को कार्यालय में बंधक बनाया और मारपीट की। मोबाइल फोन से जानकारी पाकर साथी हरजिंदर सिंह, राजेश वर्मा व जगत सिंह उन्हें बचाने पहुंचे। नटवर व उनके साथियों ने उनसे भी मारपीट की। कुछ देर में सैकड़ों मीडियाकर्मी एकत्र हो गए और आशुतोष को मुक्त कराया। कैसरबाग पुलिस ने मीडियाकर्मियों की तहरीर पर नटवर गोयल, उनके मैनेजर रवि सिंह, अली, एक अन्य युवक व महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। बाद में नटवर गोयल को गिरफ्तार कर लिया गया।

सपा प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने नटवर को पार्टी से निकाले जाने और उप्र खादी व ग्रामोद्योग बोर्ड उपाध्यक्ष पद से बर्खास्त करने की वजह अनुशासनहीन आचरण बताया है। उन्‍होंने नटवर को मंत्री पद से हटाये जाने व उनके पार्टी से निष्‍कासन की भी पुष्‍टि की है।