पुन्नी का पुतला वनाम आईएसी का हवन

Uncategorized

फर्रुखाबाद: राष्ट्रीय लेवल पर जहां सलमान व अरविंद आमने सामने आ गये हैं वहीं शहर के राजनीति पर अगर नजर डालें तो आईएसी व पुन्नी शुक्ला में पुतला फूंकने व हवन करने के प्रति प्रतिस्पर्धा का दौर चल रहा है। जहां एक तरफ आईएसी हवन तो वहीं दूसरी तरफ पुन्नी शुक्ला पुतले पर पुतला फूंकते चले जा रहे हैं। एक पुतला फूंकने के बाद मीडिया को पुन्नी की तरफ से दूसरे दिन के पुतले की दावत दे दी जाती है।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पुन्नी शुक्ला और आईएसी के सदस्य एडवोकेट लक्ष्मण सिंह में इस समय पुतला फूंकने व हवन करने की होड़ मची हुई है। जहां आईएसी के सदस्य बुद्धि शुद्धि यज्ञ करने में विशेषज्ञ माने जा रहे थे वहीं अब पुन्नी शुक्ला का पुतला फूंकने में कोई जबाब नहीं दिख रहा है। जबसे सलमान का मुददा उठा, पुन्नी ने ऐसा कोई तिराहा चौराहा नहीं छोड़ा जहां केजरीवाल का पुतला नहीं फूंका हो। लेकिन पुतले पुतले की भी बात है। एक जमाने में मायावती का पुतला फूंकने की खबर धोखे से भी प्रशासन को मिल जाती तो पुतला फूंकने में जिस व्यक्ति का नाम सामने आ रहा होता तो उसे पुलिस पहले दबोच लेती। एस पी से लेकर आरक्षी तक सभी पुतला फूंकने वाले स्थल पर फुल फोर्स के साथ जमा होते थे। लेकिन अब देश के कानून मंत्री का पुतला जलाकर जगह जगह कड़ेरा जा रहा है और स्थानीय पुलिस उसे मनोरंजन की दृष्टि से मूक बनकर देखती रहती है।

जनपद में सबसे पहले बुद्धि शुद्धि यज्ञ आईएसी के सदस्य लक्ष्मण सिंह ने शुरू किया। धीरे धीरे हर विवाद में लक्ष्मण ंिसंह जिला पूर्ति कार्यालय या टाउन हाल पर बैठकर हवन करते थे। पुतला फूंकने के साथ-साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने लक्ष्मण सिंह का बुद्धि शुद्धि यज्ञ करने का फार्मूला भी चुरा लिया। मतलब जो वाण आईएसी उन पर चला रहा था वही वाण अब शहर अध्यक्ष पुनः उन पर चलाने की कोशिश में जुट गये। इसी के तहत बीते दिन पुन्नी शुक्ला ने भी बुद्धि शुद्धि यज्ञ कर डाला। इधर बुद्धि शुद्धि यज्ञ से काम चलाने वाले लक्ष्मण सिंह ने पुतला भी फूंकना शुरू कर दिया। अब पुन्नी शुक्ला का पुतला वनाम लक्ष्मण सिंह का बुद्धि शुद्धि यज्ञ का युद्ध छिड़ा हुआ है। कांग्रेस की बैठक में यह मुददा उठा कि दिहाड़ी के ही सही लेकिन कम से कम पुन्नी शुक्ला उन्हें ले जाकर पुतला तो फूंक रहे हैं।