चूड़ी व्यापारी के घर से हजारों की नगदी व जेबर चोरी

Uncategorized

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गंगा नगर कालोनी स्थित मजार वाली गली निवासी चूड़ी व्यापारी प्रमोद कुमार जोशी पुत्र कन्हैयालाल के घर बीती रात चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर हजारों रुपये के नगदी व जेबर उड़ा दिये। इस सम्बंध में पुलिस को भी सूचना दी गयी है।

प्रमोद कुमार जोशी पिछले कई वर्षों से गंगा नगर कालोनी में अपनी पत्नी संतोषीदेवी, मां शांतीदेवी और बच्चों के साथ रह रहा है। वह ठेली पर चूड़ी बेचने का काम करता है। फिरोजाबाद से माल लाकर गली गली की दुकानदारी कर अपने परिवार का पेट पालता है। बीती रात प्रमोद कुमार जोशी अपनी पत्नी संतोषी व बच्चों के साथ छत पर लेटा था। मां शांतीदेवी पड़ोस के घर में सोने चली गयी। चोरों ने तकरीबन 12 बजे के बाद मुख्य द्वार का ताला तोड़कर कमरे का ताला तोड़ा और अलमारी को तोड़कर उसमें रखे संतोषीदेवी के जेबर चुरा लिये और बगल में रखा बक्सा लेकर चम्पत हो गये। बक्सा उन्होंने आवास विकास के नाले के पास डाल दिया। प्रातः जब प्रमोद व अन्य परिजन उठे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। मामले की सूचना कादरीगेट चौकी पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। प्रमोद ने बताया कि चोरों ने 11 हजार रुपये नगद के अलावा लगभग 40 हजार रुपये के जेबरात चोरी कर लिये।