बबलू हत्याकाण्ड: आरोपियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं कर रही पुलिस?

Uncategorized

फर्रुखाबाद: बीते 10 दिसम्बर की रात सेनापति नुक्कड़ पर सशस्त्र दबंग युवकों ने सुमित उर्फ बबलू को गोली मारकर घायल कर दिया था। बीते रविवार रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी। घटना के 20 दिन गुजर जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं की गयी। जिससे मृतक बबलू के पिता काफी क्षुब्ध हैं। उन्होंने बताया कि इस सम्बंध में वह पुलिस के आला अधिकारियों से मिलेंगे।

पेशे से मोबाइल रिपेयर बबलू अपने घर में इकलौता पुत्र था। एक बड़ी बहन नीलम है जिसका बबलू की मौत के बाद रो रो कर बुरा हाल हो रहा है। 20 दिन तक जिंदगी मौत से जूझ रहा बबलू आखिर मौत से जंग हार गया। बबलू के पिता विद्यासागर जोशी का कहना है कि पुलिस इस सम्बंध में लापरवाही बरत रही है। घटना के बाद दबंग युवकों द्वारा समझौते का भी प्रयास किया गया। लेकिन हम लोगों ने समझौता नहीं किया। आखिर हुआ वही जो वह लोग चाहते थे। रोते हुए विद्यासागर ने बताया कि पुलिस की मिलीभगत से आरोपी खुले घूम रहे हैं। विद्यासागर जोशी की इस बात पर बाकई में पुलिस की कार्यप्रणाली अब संदेह के घेरे में आ गयी है। क्योंकि एक ही व्यक्ति द्वारा कई घटनायें कर देने के बाद भी अभी तक कोई गिरफ्तारी पुलिस ने नहीं की है।

10 दिसम्बर को हुई घटना वाले दि नही पुलिस ने पुष्कर अग्निहोत्री, पीलू ठाकुर, मोहित, आलोक दीक्षित, गुलब्बो, अभिनव शुक्ला के अलावा कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया था। लेकिन अभी तक गिरफ्तारी के मामले में पुलिस बगलें झांक रही है और खुले घूम रहे आरोपी मृतक के परिजनों पर समझौते का दबाव बना रहे हैं।

इस सम्बंध में एस एस आई विग्गन सिंह ने बताया कि अब मुकदमें को हत्या की धारा 302 मे तरमीम किया जायेगा। एक आरोपी पुस्कर अग्निहोत्री पहले ही अदालत के माध्यम से जेल जा चुका है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है।