फर्रुखाबाद, मुख्यविकास अधिकारी चंद्र प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में मनरेगा योजना के अंतर्गत कराये गये कार्यों की जांच के लिये आगामी 13 मार्च को अधिकारियों को गांव में भेजा जायेगा। उन्होंने बताया कि सभी अधिकारियों को 13 मार्च को प्रातः 9 बजे विकास भवन सभागार बुलाया गया है, वहीं से इन अधिकारियों को उनसे संबंधित ग्रामों की सूची उपलब्ध करायी जायेगी। सभी अधिकारियों को उसी दिन सांय 5 बजे तक सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी। श्री त्रिपाठी ने बताया कि सत्यापन कार्यक्रम प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास के निर्देश पर कराया जा रहा है।
पुस्तक खरीद: कमीशन को बेसिक शिक्षा के अधिकारियों में खींचतान
फर्रुखाबाद, बेसिक क्षिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में पुस्तकालयों की स्थाना के लिये किताबों की खरीद में प्रकाशकों और बिचौलियों से मोटे कमीशन के चक्कर में मानकों की अनदेखी कर रहे शिक्षा विभाग के अधिकारियों में ही खींचतान शुरू हो गयी है। चालाक बिचौलिया कमीशन की हडडी फेंक कर अब दूर खड़ तमाशा देखने की मुद्रा में है।
विदित है कि शासन की ओर से परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिये रुचिकर व स्तरीय पुस्तकों की खरीद के लिये प्रकाशक निर्धारित कर दिये थे। इसके बावजूद जनपद स्तर पर अधिकारियों ने पहले तो उपलब्धता और वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर बजट लेप्स हो जाने की की दुहाई देकर अमानक पुस्तकों की खरीद का रास्ता स्वयं खोल दिया। पुस्तकों की आपूर्ति करने वाला बिचौलिया काफी चालाक था। सो उसने बाद में ब्लाक स्तर पर कुछ कनिष्ठ अधिकारियों से सीधे सेटिंग कर ली और उनको भी बड़े अधिकारियों को सीधे माल पहुंचा देने की बात कह कर टरखा दिया। अब स्थति यह है कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों में ही खींचतान मची हुई है। मजे की बात है कि इस लूट खसोट में कोई भी संबंधित बिचौलिये के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की पहल नहीं करना चाहता है।
जिला समंवयक सूनील आर्या यह कह कर पल्ला झाड लेते हैं कि खरीद ग्राम शिक्षा समिति को करनी थी। पैस उन्हीं के खातों में भेजा गया था। जबकि स्तिथि यह है कि शिक्षा समिति का सचिब प्रधानाधयापक होता है, और वह सीधे अपने अधिकारियों के कहने पर ही स्याह सफेद करता है। ग्राम प्रधान तो आज भी रबर स्टैम्प ही है। ग्राम प्रधान को तो मध्याह्न भोजन की मोटी कमाई से ही मतलब है। उसमें छात्र संख्या पूरी आती रहे फिर चाहे मास्टर साहब जो चाहें सो करें।
फर्जी छात्र पंजीकरण: दो विद्यालयों पर कार्रवाई की तलवार लटकी
जिला विद्यालय निरीक्षक पर भी कार्रवाई की संभावना
फर्रुखाबाद|| फर्जी छात्र पंजीकरण की जाचं में चिन्हित जनपद के दो विद्यालयों को अतिसंबेदनशील घोषित कर दिया गया है। इन विद्यालयों के छात्रों को परीक्षा में बैठने की तो अनुमति दे दी गयी है, परंतु इनके प्रधानाध्यापकों के विरुद्ध कार्रवाई लगभग तय है। इस लापरवाही की गाज जिला विद्यालय निरीक्षक पर भी कार्वाई होने की संभावना है।
विदित है कि प्रदेश के 905 कालेजों में 1.29 लाख परीक्षार्थियों का पंजीकरण संदिग्ध पाये जाने पर बोर्ड ने संबंधित प्रधानाचार्यो को दस सालों के लिए परीक्षा कार्य से डिबार करने तथा संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षकों को कड़ी चेतावनी देने के साथ रिपोर्ट शासन को भेजने के फैसले किये थे। फर्जी पंजीकरण मामले में फर्रुखाबाद सहित कानपुर, फैजाबाद, बाराबंकी. अंबेडकर नगर, बहराइच, श्रावस्ती, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, गोरखपुर, महाराज गंज, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एट, मथुरा, अलीगढ़, महामाया नगर, काशीराम नगर, बुलंदशहर, मेरठ, रामपुर, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, छत्रपति शाहू जी महाराजनगर, रमाबाई नगर, इटावा, कन्नौज, औरैया, प्रतापगढ़, इलहाबाद, फतेहपुर, कौशांबी व सुल्तानपुर के जिला विद्यालय निरीक्षकों की लापरवाही साबित हुई है। है। इन अधिकारियों को हर आवेदनपत्र का निरीक्षण कर प्रधानाचार्य से शपथपत्र लेकर बोर्ड भेजना था। इसके बावजूद नौवीं में पंजीकृत, दसवीं में फेल व सीधे प्रवेशित छात्रों से कई गुना छात्रों के फार्म बोर्ड चले गये।
जनपद के भी दो विद्यालय अमर जनता इंटर कालेज नौगांव व गयानंद शिक्षा संस्थान कटिन्ना इस श्रेणी में पाये गये है। फिलहाल इन विद्यालयों के लगभग पांच सैकड़ा छात्रों को परीक्षा में बैठने की तो अनुमति दी जा रही है, परंतु परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यालय प्रधानाचार्यों पर कार्रवाई की तलवार अभी लटकी हुई है। इनको अतिसंवेदनशील घोषित कर दिया गया है|
दवा लेने गई युवती मासूम को छोड़ प्रेमी के साथ हुई फुर्र
फर्रुखाबाद: लोहिया अस्पताल दवा लेने गई युवती रीना अपने प्रेमी के साथ चली गई| कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिजनों ने चौकी प्रभारी को जमकर खरी-खोंटी सुनाईं|
रीना कोतवाली फतेहगढ़ नेकपुर कला निवासी मनोज कटियार के मकान में किराए पर रहने वाले तारा चन्द्र शर्मा की 30 वर्षीय पुत्री है| वह तीन दिन पूर्व अपनी २ वर्ष की बेटी आँचल को साथ लेकर लोहिया अस्पताल में दवा लेने गई थी और वहीं से अपने मकान के किरायेदार संजीव चौहान के साथ चली गई|
बीते दिन संजीव ने अपने छोटे भाई राज के द्वारा आँचल को वापस करवा दिया| बीते दिन कर्नलगंज चौकी इंचार्ज अशोक पाण्डेय राज चौहान व उसके पिता राधेलाल को पकड़ ले गए थे और पूंछ-तांछ करने के बाद छोड़ दिया|
आज इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई चौकी इंचार्ज भी मौके पर पहुँच गए| रीना का ४ वर्ष पूर्व दिल्ली के नीतू से विवाह हुआ था|
पत्नी के गायब होने की जानकारी होने पर वह भी ससुराल पहुँच गया| पीड़ित परिजनों ने पुलिस पर रुपये लेने का आरोप लगाया| चौकी प्रभारी ने बताया कि मैंने बाप-बेटों को तीन दिन की मोहलत दी है कि रीना को लाकर वापस करें|
हादसे के कारण आलू का उठान नहीं, मंडी गेट पर लगा जाम
फर्रुखाबाद: हादसे के कारण सातनपुर स्थित आलू मंडी के बाहर जाम लगा रहा| बीती रात दुर्घटना में मंडी के ही होटल मालिक व उसके नौकर की मौत हो जाने के बाद हुए पुलिस संघर्ष के कारण पल्लेदारों ने ट्रकों से बाहर जाने वाले हजारों कुंटल आलू का लदान नहीं किया|
आज सुबह गुस्साए पल्लेदारों ने मंडी के गेट पर ताला लगाकर आलू की खरीददारी ठप करा दी| जिसके कारण आज पूरे दिन मंडी गेट के दोनों तरफ ट्रैक्टरों व ट्रकों की लम्बी कतारें लगी रही|
आज मंडी में आलू २५० रुपये से ३०० रुपये प्रति कुंटल तक में बिका| मंडी सचिव एचबी सिंह ने बताया कि रात में आलू बोरो का उठान न हो पाने के कारण दिन में जाम की स्थित बनी रही| प्रतिदिन करीब १६ हजार कुंटल आलू की आवक हो रही है|
एक इंच सड़क व एक भी हैण्ड पम्प न मिलने से विधायक दुखी
फर्रुखाबाद: सपा विधायक नरेन्द्र सिंह यादव ने आज दुःख व्यक्त किया कि मायावती की सरकार में उन्हें एक इंच सड़क व एक भी हैण्ड पम्प नहीं मिला है| उन्होंने आज सिकत्तर बाग़ स्थित अपने आवास पर पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तारी के दौरान उन पर व साथियों पर अकारण लाठीचार्ज किया इस मामले को विधान सभा में उठायेंगें|
उन्होंने बताया कि लाठीचार्ज में घायल सपा कार्यकर्ता प्रदीप कुमार यादव, जितेन्द्र सिंह यादव, सुशील यादव एवं राजेश यादव घायल हुए थे जिनका लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया गया था|
अकारण लाठीचार्ज करने वाले शहर कोतवाल कृष्ण कुमार आदि पुलिस कर्मियों के विरुद्ध अदालत में मुकद्दमा किया जाएगा| उन्होंने मायावती सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताते हुए कहा कि उनके कहर से सभी लोग पीड़ित हैं| धन की बसूली व उगाही करने के लिए ही शराब के ठेकों का नवीनीकरण कराया जा रहा है|
उन्होंने मुलायम सिंह की सरकार के गुणगान करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में १० किलोमीटर की सड़क व ५०० हैण्ड पम्प मिलते थे| वार्ता के दौरान विधायक पुत्र सचिन यादव, सपा नेता दृगपाल सिंह यादव बाबी, मनमोहन मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य राम विलास राजपूत आदि समर्थक मौजूद रहे|
जोर का झटका हाय जोरों से लगा..शादी बन गई परीक्षार्थियों की सजा।
फर्रुखाबाद: मैरिज होम में रात के 11 बजे डीजे पर गाना चल रहा था, जोर का झटका हाय जोरों से लगा..शादी बन गई उम्र कैद की सजा..इस गाने को सुनकर बारहवीं की बोर्ड परीक्षा दे रहे व देने की तैयारी शुरू कर रहे छात्र खुद ब खुद गुनगुनाने लगते है कि जोर का झटका हाय जोरों से लगा..शादी बन गई परीक्षार्थियों की सजा।
कुछ यही हाल है उन तमाम परीक्षार्थियों के जिनके घर के आसपास कोई बैंक्वेट हॉल या मैरिज होम है। उन सबकी हालत बेगानी शादी में दीवाने अब्दुल्ला जैसी है।बढपुर, आईटी आई, रेलवे रोड, ठंडी सड़क आदि कई जगह मैरिज हाल हैं| प्रशासन की उदासीनता यह है कि न्यायालय के आदेशों के बावजूद रात दस बजे के बाद लाउडस्पीकर पर कोई रोक नहीं है।
इन दिनों शादी का सीजन चल रहा है और साथ ही चल रही हैं सीबीएसई व आईसीएसई की बोर्ड परीक्षाएं। यूपी बोर्ड व चौधरी चरण सिंह विवि की परीक्षाएं जल्द ही शुरू होने वाली हैं।
ऐसे में छात्रों को दिक्कत यह आ रही है कि वो अगर रात को देर तक पढ़ना चाहें तो डीजे का कानफोड़ू संगीत उन्हें पढ़ने नहीं देता। सबसे ज्यादा दिक्कत तब होती है जब अगले ही दिन पेपर होता है और रात को ठीक से सो भी नहीं पाते। परिक्षा की तैयारी में लगे छात्रों का कहना है कि परीक्षा से एक दिन पहले वो तनाव में होता है और उस समय जब तेज आवाज पर गाने बजते हैं तो उसके दिल की धड़कन बढ़ जाती है और हाथ ठंडे हो जाते हैं।
म्यूजिक क्यों है घातक
-देर रात तक डीजे के शोरगुल से नींद पूरी नहीं हो पाती
-देर रात डीजे के शोरगुल से पढ़ाई करने वाले बच्चे अपना ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे।
-एक ओर तो अभिभावकों ने बच्चों का घर में टीवी व कम्प्यूटर बंद कर दिया तो दूसरी तरफ चंचल मन वाले बच्चों को पढ़ाई से विचलित करने के लिए डीजे का शोर कायम है।
-ज्यादा देर तक शोर में रहने से सिर दर्द, कान में झनझनाहट व चिड़चिड़ापन हो सकता है
-परीक्षा की घबराहट में शोर कई बच्चों का ब्लड प्रेशर बढ़ा सकता है व दिल की धड़कन भी तेज हो सकती है।
चोरों ने ह्त्या में प्रयोग की गई बोलेरो व बाइक उड़ाई
फर्रुखाबाद: आवास विकास कालोनी के युवक को गंगा तट पर ले जाकर हत्याकर फेंक देने के मामले में प्रयोग की गई बोलेरो व बाइक को चोरों ने उड़ा दिया|
वद्री विशाल कालेज के लिपिक ब्रह्मदत्त शर्मा की बोलेरो नंबर यूपी ७६ जेओ / ६०५ उनके आवास विकास कालोनी सतही १/१४१ के बाहर खड़ी थी| उसको चोरों ने गायब कर दिया|
भारतीय जीवन बीमा निगम के कार्यालय से विकास अधिकारी विनोद कुमार की यूपी ७६ ई/ ३८८३ हीरो होंडा स्प्लेंडर चुरा ली गयी| दोनों घटनाओं की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गयी| आवास विकास चौकी प्रभारी इन्द्रपाल सिंह ने बताया कि बोलेरो चोरी की घटना संदिग्ध है| ह्त्या के मामले में कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने इस बोलेरो को कब्जे में लेकर कार्यवाही की थी|
दुग्ध उत्पादन वृद्धि से अधिक आर्थिक लाभ सम्भव: डीएम
फर्रुखाबाद: विकास खण्ड राजेपुर के ग्राम खंडौली में ५ दिवसीय पशु पालक प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी रिग्जिन सेम्फेल के द्वारा किया गया|
इस अवसर पर पशुपालकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यदि पशु पालक पशुओं की उचित रख-रखाव करें तो दुग्ध उत्पादन में अच्छी वृद्धि संभव है जिससे अधिक आर्थिक लाभ भी प्राप्त किया जा सकता है| उन्होंने कहा कि पशु पालकों को वैज्ञानिकों द्वारा सुझाई गयी पशु पालन तकनीकि की जानकारी रखनी चाहिए जिससे पशुओं के उचित रख-रखाव में सहूलियत होगी|
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा महामाया गरीब आर्थिक मदद योजना के लिए निराश्रित गरीबों का चयन भी किया गया| प्रशिक्षण शिविर सीडीओ सीपी त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ यू एन एस सचान तथा डॉ आर ऍन सिंह आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये तथा पूर्व विधायक महरम सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया|
सोते रहे बहनोई, चोरों ने अधिवक्ता के घर से माल उड़ाया
फर्रुखाबाद: मकान की रखबाली की जिम्मेदारी लेने वाले बहनोई रात में चैन की नींद सोते रहे उधर चोरों ने उनके साले अधिवक्ता के मकान से नगदी, जेवरात आदि कीमती सामान उड़ा दिया|
कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला नगला नैन निवासी विजय बहादुर पाल एडवोकेट के कोई संतान नहीं है| वह बीते दिन अपनी पत्नी को इलाज कराने के लिए हिसार ले गए और जाते समु पड़ोसी बहनोई अरुण कुमार पाल को मकान की जिम्मेदारी सौंप गए|
आज सुबह ५ बजे अरुण की पत्नी सुशीला देवी जब दूध लेने जा रही थीं तो उन्होंने अधिवक्ता के मकान में बिजली की रोशनी देखी| वह बल्ब बंद करने के लिए जब वह मेनगेट का ताला खोलकर अन्दर गई तो मेनगेट को खुला देखकर घबडा गईं| अन्दर जाने पर उन्होंने कमरों व बक्सों के ताले टूटे व बिखरे सामना को देखा तब उन्हें चोरी का एहसास हुआ|
चोर कितना माल ले गए यह अधिवक्ता के वापस लौटने पर ही पता चलेगा|



