Home Blog Page 51

तीन डग्गामार बसें सीज, 70 हजार जुर्माना

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) होली के पावन पर्व पर जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं एआरएम रोडवेज राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से बसों की जांच की।
चेकिंग के दौरान रोडवेज रंग में संचालित एक बस दिल्ली से 75 सवारियां लेकर आती हुई पकड़ी गई। एक अन्य बस का बीमा समाप्त पाया गया तथा छह माह का टैक्स बकाया था। तीसरी बस चालक द्वारा परमिट प्रस्तुत न किए जाने के कारण पकड़ी गई। तीनों डग्गेमार बसों को सीज कर रोडवेज बस अड्डे में खड़ा कराया गया तथा कुल 70,000 का जुर्माना लगाया गया।
होली के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा के लिए बस चालकों की ड्रिंक एंड ड्राइव जांच भी की गई। कुल 42 बसों की चेकिंग में कोई भी चालक मद्यपान कर वाहन चलाता हुआ नहीं मिला। इसी दौरान पांचालघाट पुल पर एक ऑटो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पीछा कर पकड़े जाने पर पाया गया कि चालक ने शराब पी रखी थी और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। ऑटो में राजेपुर व अमृतपुर की सवारियां बैठी थीं। वाहन को सीज कर 13,000 का जुर्माना लगाया गया और उसे कादरी गेट थाना क्षेत्र की आईटीआई चौकी में खड़ा कराया गया।
इसके अलावा एक मोटरसाइकिल पर तीन सवारी रॉन्ग साइड जाते मिलीं। चालक के ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में अधिक मात्रा में शराब पीना पाया गया। चालान की कार्रवाई के बाद उसे बिना शराब पिए वाहन न चलाने की चेतावनी देते हुए परिचितों के सुपुर्द किया गया।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति मद्यपान कर वाहन न चलाए और अपने साथ-साथ दूसरों के जीवन को संकट में न डाले। नियमों का उल्लंघन करने पर परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर में राजमिस्त्री की मौत, साथी गंभीर

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के चौरसिया मझोला के पास मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के नौखंडा निवासी 36 वर्षीय पवन पुत्र विजय बहादुर अपने साथी महेश निवासी कटी मढ़ैया के साथ बाइक से कायमगंज रिश्तेदारी में होली उठाने जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे चौरसिया मझोला के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर शाम इलाज के दौरान पवन ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल महेश की हालत नाजुक देखते हुए उसे उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया गया है।
मृतक पवन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी पायल, दो वर्षीय पुत्र कृष्ण और पांच माह की मासूम बेटी दृष्टि का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

छात्र की हत्या का आरोपी आलाकत्ल सहित गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम गांगुली हैदराबादपुर में बीती सोमवार कों पड़ोसियों के बीच हुये विवाद में खूनी संघर्ष ख़ूनी संघर्ष हो गया, जिसमे एक छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गयी थी| पुलिस नें मृतक के पड़ोसी हत्यारोपी कों आलाक़त्ल सहित गिरफ्तार कर लिया | दरअसल ग्राम गांगुली हैदराबादपुर निवासी 19 वर्षीय बीएससी छात्र वैभव कों पड़ोसी राजेश उर्फ पप्पू से विवाद हुआ था, राजेश नें चाकूओ से हमला कर वैभव कों मौत के घाट उतार दिया था | पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था । थाना प्रभारी अजब सिंह ने पुलिस टीम के साथ आरोपी राजेश उर्फ पप्पू पुत्र शीशराम कनौजिया को आला-कत्ल सहित गिरफ्तार कर लिया।

होली पर बाजार में भीड़ का दबाव, उमड़े खरीददार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो ) जनपद में होली का उत्साह चरम पर है। होली के कारण मंगलवार कों बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। रंग, गुलाल, पिचकारी, मिठाई और कपड़ों की दुकानों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। शहर से लेकर कस्बों तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही। त्योहारी खरीदारी के चलते मुख्य बाजारों में यातायात दबाव भी बढ़ा। कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक नियंत्रित करते देखा गया। व्यापारी वर्ग के अनुसार मंगलवार को सामान्य दिनों की तुलना में बिक्री में वृद्धि दर्ज की गई। होली को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत प्रशासन सक्रिय रहा। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बसखारी और टांडा क्षेत्र में पैदल मार्च कर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया और पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए। पैदल मार्च के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की

खाना बनाते समय लगी आग, तीन छप्पर जलकर राख

फर्रुखाबाद:( राजेपुर संवाददाता) थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव बमियारी में मंगलवार दोपहर खाना बनाते समय लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर तीन छप्पर जलकर पूरी तरह राख हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी रमेश के पुत्र उमेश, पुष्पेंद्र व अवनीश के घर पर दोपहर में भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी ने ऊपर पड़े छप्पर को आगोश में ले लिया। तेज हवा के चलते आग ने देखते ही देखते पास के दो अन्य छप्परों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें उठती देख परिजनों ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने हैंडपंप और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में तीनों छप्पर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आकर रजाई, गद्दे, कपड़े सहित अन्य घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।

मारपीट के दौरान युवक की चाकु से गोदकर हत्या

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम गांगुली हैदराबादपुर में रविवार को पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकू से हुए हमले में 19 वर्षीय बीएससी छात्र वैभव की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वैभव के पिता और पड़ोसी राजेश के बीच रविवार दोपहर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि दोपहर में शुरू हुआ विवाद शाम को दोबारा भड़क उठा और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी। इसी दौरान राजेश ने वैभव के पेट में चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन जब तक उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हल्का इंचार्ज को मौके पर भेज दिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

l

जनपद में तेज गति से घूम रहा विकास का पहिया

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारतीय जनता पार्टी के सांसद मुकेश राजपूत ने अपने ऊपर लगाए जा रहे सभी आरोप-प्रत्यारोपों को खारिज करते हुए कहा कि जनपद में विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि लिंक एक्सप्रेस-वे, गंगा, रामगंगा एवं रेलवे पुलों की सौगात सरकार की ओर से मिल चुकी है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली है।
अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना आधार के आरोप लगाने के बजाय उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में सड़कों का व्यापक स्तर पर चौड़ीकरण किया जा रहा है तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं हर क्षेत्र में युद्ध स्तर पर लागू की जा रही हैं।
सांसद ने कहा कि जनता सरकार के कार्यों से संतुष्ट है, लेकिन विपक्ष के पास अब विकास का कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा आय से अधिक संपत्ति संबंधी लगाए जा रहे आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि बयानबाजी करने से पहले वे अपनी संपत्ति सार्वजनिक करें।
होली पर्व को देखते हुए सांसद ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि चेकिंग के नाम पर किसी भी नागरिक का उत्पीड़न न किया जाए। तलाशी की कार्रवाई सम्मानजनक और संयमित ढंग से होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने होलिका दहन के समय बिजली के केबिलों का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की। भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, अनूप मिश्रा आदि रहे|

आधा दर्जन डग्गामार बसें सीज, तीन का चालान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में होली पर्व को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत तथा एआरएम रोडवेज की संयुक्त टीम ने दिल्ली से फर्रुखाबाद और दिल्ली से जयपुर के मध्य संचालित बसों की जांच की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 6 डग्गामार बसों को बस अड्डे पर सीज कर दिया गया, जबकि 3 अन्य बसों का चालान किया गया। अभियान के दौरान कुल 2.32 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा व वैध परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

महादेवी वर्मा की जयंती पर स्मारक कों अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद। नगर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था अभिव्यंजना के तत्वावधान में छायावादी युग की महान कवयित्री महादेवी वर्मा की जयंती पर इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया गया। फाल्गुनी पूर्णिमा के पावन अवसर पर सोमवार प्रातः रेलवे रोड स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के संयोजक संजय गर्ग तथा संस्था के समन्वयक भूपेंद्र प्रताप सिंह के आमंत्रण पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ नगर एवं जनपद के अनेक साहित्यकार, कवि, शिक्षाविद एवं साहित्य प्रेमियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। सभी ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
गौरतलब है कि वर्ष 1907 में महादेवी वर्मा का जन्म नगर के गणेश प्रसाद मोहल्ले में हुआ था। उनका बाल्यकाल मध्य प्रदेश में बीता तथा शिक्षा और अध्यापन कार्य इलाहाबाद (वर्तमान प्रयागराज) में हुआ, किंतु जन्मभूमि से उनका आत्मिक संबंध सदैव बना रहा। यही कारण है कि नगर के साहित्यकार उन्हें अपनी प्रेरणा-श्रोत मानते हैं और उनकी जयंती को साहित्यिक उत्सव के रूप में मनाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा प्रतिमा के निकट रखे ट्रांसफार्मर को हटवाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया, जिस पर अनेक साहित्यकारों के हस्ताक्षर थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि आज पूरे विश्व में फर्रुखाबाद को महादेवी वर्मा के नाम से पहचान मिली है। वहीं भूपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वर्ष भर हिंदी के सम्मान में संस्था विभिन्न साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।
इस अवसर पर महेश पाल सिंह, सुरेन्द्र पांडेय, बृजकिशोर सिंह, रामशंकर मिश्र ‘अबोध’, भारतीय मिश्रा, रविंद्र भदौरिया, संजय गर्ग, निमिष टण्डन, नलिन श्रीवास्तव, सदानंद शुक्ला, अखिलेश अग्निहोत्री, अनुराग पांडेय, राजेश निराला, राजेश हजेला सहित अनेक साहित्यकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन साहित्यिक संवाद और काव्य चर्चा के साथ हुआ।

ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आज़ाद नगर निवासी स्वर्गीय वदन सिंह के 19 वर्षीय पुत्र अमित की बीती रात सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया व पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार अमित संकिसा रोड स्थित बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहा था। इसी दौरान बाजार क्षेत्र में पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे निजी वाहन से एक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। बताया गया कि अमित मजदूरी करता था और आठ भाइयों में सातवें नंबर पर था। युवक की मौत से उसकी मां कुशमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंचे कस्बा प्रभारी विनोद कुमार ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई। वहीं ट्रैक्टर चालक उपेंद्र कुमार पुत्र काशीराम, निवासी नगला मोती, ने बताया कि वह फर्रुखाबाद स्थित तिरुपति कोल्ड स्टोरेज से आलू उतारकर लौट रहा था। उसका कहना है कि बाजार क्षेत्र में एक अज्ञात कार की टक्कर से अमित ट्रैक्टर पर गिर गया, जिससे हादसा हुआ।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।