Home Blog Page 157

तीन माह बाद लौटी महिला ने दुधमुंहे को छोड़ जहर खा दी जान

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के गांव सुभानपुर में गुरुवार सुबह एक महिला ने घरेलू कलह से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन अस्पताल में शव छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सुभानपुर निवासी शरीफ बंजारा की पत्नी 25 वर्षीय रुबीना ने गुरुवार सुबह जहर खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान रुबीना की मौत हो गई।ग्रामीणों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। करीब तीन माह पहले रुबीना पति से नाराज होकर जयपुर चली गई थी। उस समय पति शरीफ ने पुलिस को इसकी मौखिक जानकारी दी थी। लगभग पंद्रह दिन पहले रुबीना अपने घर लौटी थी। आठ दिन पहले उसने एक बच्चे को जन्म दिया था, जबकि उसके पहले से दो बच्चे हैं। सबसे बड़ा बच्चा सात वर्ष का है।घटना की जानकारी मिलते ही कायमगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और परिजनों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

मंहगाई ने कम किया सोने-चांदी के आभूषणों का वजन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सराफा कारोबार में करवा चौथ की रौनक खूब बिखर रही है। हालांकि सोने व चांदी की महंगाई का असर भी बाजार पर साफ दिख रहा है। मंगलसूत्र हो या कान की बाली या नथ, सभी का वजन हल्का करने की डिमांड लोग कर रहे हैं ताकि बजट में फिट बैठ सके। सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि महंगाई के चलते बिक्री पर खासा असर पड़ा है।
शहर के सराफा बाजार व कस्बों में ज्वैलर्स की दुकानों पर इन दिनों खासी भीड़ नजर आ रही है। करवा चौथ का त्योहार 10 अक्तूबर को है। इसकी तैयारियों में सुहागिनें खरीदारी के लिए आभूषण की दुकानों पर पहुंच रही हैं। इस बार सोने-चांदी के भाव काफी बढ़ गए हैं।  इस बार बाजार में चांदी की पायल व बिछिया की डिमांड है। पायल के नए-नए डिजाइन और आपसी मेल वाले बिछिया काफी पसंद किए जा रहे हैं। डिजाइन भी पिछले वर्ष के मुकाबले नए हैं। सोने में जहां पत्ते वाला डिजाइन नया आया है तो पायल में लटकन और झालर वाले डिजाइन की मांग अधिक है।
5 हजार चांदी व 4 हजार बढ़े सोने के दाम
बीते मंगलवार को सोने का भाव 1.23 लाख रुपये प्रति तोला व चांदी 1.53 लाख रुपये किलो रहा था। गुरुवार को चांदी 1.67 लाख रूपये किलो व सोना 1.27 रूपये तोला आ गया| सोना व चांदी के भाव बढ़ने से ग्राहकों ने आभूषणों के बजन में कटौती करना शुरू कर दिया है|
हल्के मंगलसूत्र खरीद रहे लोग
सोने के दाम अधिक होने से चांदी की खरीदारी हो रही है। इस बार सोने के हल्के मंगलसूत्र काफी पसंद किए जा रहे हैं। खर्च कम करने के लिए पुराना आभूषण बदलकर लोग नया खरीद रहे हैं। लोगों का चांदी के आभूषण खरीद की तरफ ज्यादा ध्यान है|
-शिवांग रस्तोगी सराफा व्यापारी अनुपम ज्वलैर्स नेहरु रोड
चांदी के हल्के आभूषणों की बढ़ी मांग
इस करवाचौथ पर महंगाई का असर है। सोने के बजाय लोग चांदी की पायल व बिछुए खरीद रहे हैं। बेटियों को देने के लिए चांदी के हल्के करवा की मांग ज्यादा है।
-श्री चंद ज्वलैर्स, उत्कर्ष शुक्ला सर्राफा कारोबारी नेहरु रोड
भाव पूछकर लौट जाते ग्राहक
दुकान पर ग्राहक आते हैं और आभूषण के भाव पूछकर लौट जाते हैं। महंगाई के चलते सोने के आभूषण लोग कम ले रहे हैं। चांदी के आभूषण ज्यादा खरीद रहे हैं। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार बिक्री कम होने के आसार नजर आ रहे हैं।
– दीपक सारस्वत, सर्राफा कारोबारी नंदिनी ज्वलैर्स
महंगाई व बाढ़ की दोहरी कारोबार पर मार
सोने व चांदी पर मंहगाई की मार के साथ ही बाढ़ की मार भी प्रभावी है| ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहक बाढ के बाद आयी मंहगाई से कतरा रहे हैं| लिहाजा कई ग्राहक केबल दाम पूंछकर वापस लौट जा रहे हैं| -संतोष शुक्ला सगुन ज्वलैर्स
ईमानदार व व्यवहार है तो होगी बिक्री
यदि दुकानदार ईमानदारी के साथ कार्य करे और व्यवहार स्वभाव ठीक रखे तो मंहगाई के बाद भी ग्राहक आता है| अनुपम रस्तोगी अनुपम ज्वलैर्स नेहरू रोड़
महंगाई की मार ने बदल दिया उपहार
सोने-चांदी पर महंगाई की मार ने सुहागिनों को दिया जाने वाला उपहार बदल दिया है। दरअसल, आभूषण महंगे होने से लोग अपनी पत्नी के लिए कोई दूसरा उपहार खरीदने की योजना बना रहे हैं। अजीत सिंह बताते हैं कि हर वर्ष करवा चौथ पर पत्नी को उपहार में आभूषण देते थे, महंगाई के चलते इस बार साड़ी देने की प्लान है। अंकित शर्मा भी आभूषण के बजाय कोई अन्य उपहार खरीदने की योजना बना रहे हैं।

सड़क पर खड़े ट्रैक्टर से दुग्ध वाहन की टक्कर, पलटने से मची अफरातफरी

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता)कन्नौज से फर्रुखाबाद की ओर जा रहा दुग्ध वाहन गुरुवार तड़के सड़क पर खड़े ट्रैक्टर से टकराकर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। हादसे में सड़क किनारे लगा विद्युत पोल और एक दुकान का शटर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना सुबह करीब 4:30 बजे कस्बे के रेलवे स्टेशन तिराहे के पास हुई। एक ट्रैक्टर सड़क पर हैरो लगा सड़क किनारे खड़ा था, जबकि उसका चालक पास की दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान कन्नौज से फर्रुखाबाद की ओर जा रहा दुग्ध वाहन तेज रफ्तार में आया और उसका टायर ट्रैक्टर के हैरो में टकरा गया। टक्कर लगते ही टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद वाहन घूमकर कानपुर की ओर जा रुका।
दुग्ध वाहन पलटते ही मौके पर दूध के पैकेट सड़क पर फैल गए। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची कमालगंज पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू कराया और दूध के पैकेटों को निकलवाया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर और दुग्ध वाहन दोनों को अपने कब्जे में ले लिया।वाहन चालक अनुज कुमार निवासी संडीला, जनपद हरदोई ने बताया कि वह लखनऊ से कायमगंज जा रहा था। लगातार तीन दिनों से वाहन चलाने के कारण झपकी आने से हादसा हो गया। उसने घटना की जानकारी संबंधित कंपनी को दे दी है।
इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।

हबाई पट्टी पर निजी विमान दुर्घटना ग्रस्त, बड़ा हादसा टला

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) हवाई पट्टी पर उड़ान भरने से पूर्व निजी विवान अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया उसमें सवार कई लोग बाल बाल बच गए, सूचना मिलने पर जिला प्रशासन में भी हड़कंप मच गया, मौके पर पुलिस के अधिकारी पहुंचे और जांच पड़ताल की | मोहम्मदाबाद के राजकीय हवाई पट्टी पर बीते दिन शाम तीन बजे जेट सर्विस एवियशन प्राइवेट लिमिटेड के प्राइवेट जेट वीटी डेज उतरा था, जिसने खिमसेपुर औद्योगिक कार्य क्षेत्र में बन रही वीयर फैक्ट्री के डीएमडी अजय अरोड़ा, एसबीआई हेड सुमित शर्मा, बीपीओ राकेश टीकू फैक्ट्री का निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए भोपाल से 3 बजे आए थे, सुबह लगभग 10:30 बजे वह सभी प्लेन में सबार हुए, प्लेन ने जैसे ही उड़ान भरने के लिए रवाना हुआ, उसी दौरान पायलट प्लेन से अपना संतुलन खो बैठा और रनवे से उतर कर झाड़ियों में चला गया| कस्बा मोहम्मदाबाद में स्थित राजकीय हवाई पट्टी पर दिनांक 8 अक्टूबर 2025 को खिमसेपुर औद्योगिक कार्य क्षेत्र में बन रही वीयर फैक्ट्री के डीएमडी अजय अरोड़ा, एसबीआई हेड सुमित शर्मा, बीपीओ राकेश टीकू फैक्ट्री का निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए भोपाल से 3:00 बजे आए थे जोकि जेट सर्विस एवियशन प्राइवेट लिमिटेड के प्राइवेट जेट वी टी डेज से सुबह 10:30 भोपाल जाने के लिए रवाना हुए थे जैट को टेक ओवर करते समय अनियंत्रित होकर पास बनी झाड़ियां में जा घुसा। रन-वे पर लगभग 400 मीटर तक जेट ने रन किया था उसके बाद यह हादसा हुआ| कंपनी के उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट हेड मनीष कुमार पांडेय ने बताया की सुबह 10:30 बजे उन्हें प्लेन को भोपाल लेकर जाना था फ्लाइट के पहिए में हवा कम होने की वजह से यह हादसा हुआ तथा आरोप लगाया है कि पायलट की लापरवाही की वजह से बड़ी घटना घट सकती थी पायलट को पहले ही जानकारी थी की पहिए में हवा कम थी| कंपनी के डीएमडी अजय अरोड़ा ने बताया कि अब वह है आगरा से फ्लाइट लेकर भोपाल जाएंगे| फायर ब्रिगेड ने बताया उन्हें 12 घंटे पहले जानकारी नहीं दी गई थी ना ही ट्रेजरी फीस जमा की गई थी तथा लैंडिंग की सूचना आधे घंटे पहले ही बताई गई है तथा टेकओवर की भी सूचना लगभग 25 मिनट पहले दी गई जिसमें गाड़ी हमें तत्काल भेजनी होती है| दुर्घटना स्थल पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला, पुलिस बल के साथ पहुंचे, फायर ब्रिगेड से आशीष वर्मा, सीओ अजय वर्मा, एसडीएम सदर रजनीकांत पाण्डेय, अपर उप जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल संजय कुमार आदि मौजूद रहे। कैप्टन नसीब बामल कैप्टन प्रतीक फर्नांडीज ने कोई भी जानकारी नहीं दी है| सीओ अजय वर्मा ने बताया की प्लेन उड़ान भरने से पूर्व रन-वे पर दाहिनी तरफ अनियंत्रित होकर चला गया | तकनीकी विभाग के लोग बतायेंगे की क्या समस्या हुई, जाँच की जा रही है | किसी प्रकार का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है |

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)

हाई-वे पर सिपाही की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) बाइक से जा रहा है सिपाही को भूसा नदी ट्रैक्टर ट्राली ने इटावा बरेली हाईवे पर कुचल दिया जिससे सिपाही की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी | पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है| जनपद इटावा के ग्राम नगला डाकू पोस्ट मामन थाना उसराहार निवासी 33 वर्षीय अजय कुमार पुत्र तिलक सिंह पड़ोसी जनपद हरदोई के थाना हरपालपुर में सिपाही के पद पर तैनात था | वह गुरुवार अहले सुबह लगभग 5:15 बजे बाइक से जा रहा था| मिली जानकारी के मुताबिक थाना राजेपुर के ग्राम निबिया के निकट इटावा-बरेली हाई-वे पर भूसा लदे ट्रेक्टर ने बाइक सबार सिपाही को कुचल दिया| जिससे हेलमेट लगाये सिपाही का सिर कुचल गया और उसके हेलमेट और बाइक के परखच्चे उस उड़ गए | सिपाही की मौके पर ही मौत हो गयी | सूचना पर थाना राजेपुर पुलिस मौके पर पंहुची और ट्रेक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया | शव को मोर्चारी भेजा गया | सिपाही के पास मिले पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त हुई | थानध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया की परिजनों को सूचना दे दी गयी है| शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा | तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जायेगा |

कौशल विकाश यात्रा का जिले में हुआ भव्य स्वागत

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) आईसेक्ट द्वारा आयोजित कौशल विकास यात्रा 2025 का सफल आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 6 अक्टूबर 2025 से शुरू हुई और 20 राज्यों के 300 जिलों में विभिन्न स्थानों स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच रही है। इस यात्रा के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास और भविष्य की तकनीकी के बारे में अवगत कराया जा रहा है।
फर्रुखाबाद पहुचने पर संस्थान की प्रबन्ध निदेशिका आकांक्षा सक्सेना ने यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर एनएकेपी. डिग्री कॉलेज फर्रुखाबाद में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें एक सैकड़ा से अधिक छात्राएं उपस्थित रही। यात्रा के चल रहे आगंतुकों ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस बारे में छात्राओं को विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर कानपुर से आए चेतन जैन,संजू सागर,गौरव झा,सौरभ जैशवाल ने छात्राओं को आईसेक्ट द्वारा संचालित कोर्सेज एवं कौशल विकास के बारे में जानकारी दी।जिसमें उन्होंने बताया की वर्तमान में आईसेक्ट विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहा है। जिसमें कंप्यूटर फ्यूचर स्किल, इलेक्ट्रॉनिक्स, बैंकिंग और फाइनेंस, कृषि एवं रिटेल आदि मुख्यरूप से शामिल हैं।
आकांक्षा सक्सेना ने कहा कि कौशल विकास यात्रा केवल एक शैक्षिक अभियान नहीं है बल्कि यह युवाओं को भविष्य की तकनीकी से जोड़ने रोजगार उन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ठोस पहल है। संगोष्ठी के दौरान अनुज दीक्षित, उज्जवल पाण्डेय सहित छात्रायें उपस्थित रहीं।

महिला थानाध्यक्ष ने महिलाओं को किया जागरूक

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत महिला थाना फतेहगढ़ की थानाध्यक्ष रक्षा सिंह ने मंगलवार को सीएचसी मोहम्मदाबाद में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में महिलाओं और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में महिला थानाध्यक्ष ने महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति या सहायता की जरूरत पड़ने पर सरकारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर, 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 वीमेन हेल्पलाइन, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवा, 1090 वूमेन पावर लाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन तथा 101 अग्निशमन सेवा जैसे नंबर महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव सक्रिय हैं। थानाध्यक्ष रक्षा सिंह ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील है और हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से हर महिला को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे अपने आस-पास की अन्य महिलाओं को भी इन नंबरों की जानकारी दें, ताकि हर जरूरतमंद महिला को समय पर मदद मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षा संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी।

ट्रांसपोर्टर हड़ताल पर, गैस प्लांट में ठप हुआ परिवहन कार्य

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) गैसिंहपुर स्थित गैस प्लांट में बुधवार सुबह से ट्रांसपोर्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। भाड़ा समय पर न मिलने और महीने में सीमित काम मिलने से नाराज ट्रांसपोर्टरों ने सभी गाड़ियां पार्किंग में खड़ी कर दीं। हड़ताल के कारण प्लांट का परिवहन कार्य पूरी तरह ठप हो गया है।
प्लांट में करीब 10 ट्रांसपोर्टरों की 70 से अधिक गाड़ियां गैस सिलेंडर की ढुलाई में लगी हुई हैं। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि उन्हें महीने में केवल 8 से 10 चक्कर ही मिलते हैं, जिससे गाड़ियों का खर्च तक नहीं निकल पा रहा है। इस वजह से वे लंबे समय से परेशान थे और अब मजबूर होकर हड़ताल पर चले गए हैं। ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि जब तक उन्हें पूरे महीने का काम सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिन गोदाम मालिकों के पास अपनी निजी गाड़ियां हैं, उन्हीं का लोड फिलहाल भरा जा रहा है, जबकि बाकी सभी गाड़ियां पार्किंग में खड़ी हैं।
सूत्रों के अनुसार, फिलहाल फर्रुखाबाद प्लांट से गैस की आपूर्ति रुकी हुई है, जबकि कन्नौज में कानपुर से, मैनपुरी और एटा में अलीगढ़ से तथा बदायूं में शाहजहांपुर से गैस भेजी जा रही है। गैस प्लांट के डीजीएम किशोर बेहरा ने बताया कि ट्रांसपोर्टरों से बातचीत जारी है और आपसी सहमति से जल्द समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि वार्ता सफल होने पर जल्द ही परिवहन कार्य दोबारा शुरू हो जाएगा।

ओवरब्रिज से गिरकर सिक्योरिटी गार्ड की मौत

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली फतेहगढ़ के बेबर रोड स्थित भोलेपुर ओवरब्रिज से देर रात गिरने से एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
फतेहगढ़ के बेवर रोड भोलेपुर नलकूप कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय अजय कुमार आर्मी कैंट में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। बताया गया कि बीती रात ड्यूटी समाप्त कर वह घर लौट रहा था। इस दौरान भोलेपुर ओवरब्रिज पर पैदल जाते समय वह अचानक नीचे गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजय कुमार नशे की हालत में था और संतुलन बिगड़ने से पुल से नीचे गिर गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अजय कुमार को अस्पताल ले जा रही थी। तभी रस्ते में उसकी मौत हो गई। कर्नलगंज चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह ने बताया कि अजय अधिक नशे में था, इसी कारण उसका पैर फिसल गया और नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई। अजय कुमार अपने परिवार में सबसे छोटा था। उसके चार भाई और एक बहन हैं। मौत की सूचना मिलते ही घर में मातम छा गया। पत्नी रत्ना देवी और मां सरला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश गिरने से मौत का प्रतीत होता है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

भूमि विवाद में दो पक्षों में चले लाठी-डंडे व रॉड, मुकदमा दर्ज

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) कस्बे में भूमि विवाद को लेकर बुधवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चलने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कस्बा निवासी निशांत कुमार अवस्थी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 5 अक्टूबर को उनका बड़ा भाई दुकान के पीछे अपनी जमीन में सफाई कर रहा था। तभी गांव के ही प्रदीप अग्निहोत्री और रविकांत उर्फ लल्लू वहां आ पहुंचे और गड्ढा खोदने को लेकर विवाद करने लगे। विरोध करने पर प्रदीप की पत्नी, पुत्री भूरी, प्रदीप, रविकांत व प्रांशु उर्फ गोलू ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और फावड़े से हमला कर दिया। घटना में उनका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी ओर से प्रांशु अग्निहोत्री ने भी पुलिस को तहरीर दी है। उसने आरोप लगाया कि उसी दिन जब उसके पिता प्रदीप खेत से चारा लेकर लौट रहे थे, तो निशांत अवस्थी और उसका भाई आशीष फावड़े से रास्ता बंद कर रहे थे। जब पिता ने मना किया तो दोनों भाइयों ने फावड़े से हमला कर दिया, जिससे वे घायल होकर गिर गए। बचाने आए परिवार के अन्य सदस्यों से भी मारपीट की गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और दोनों ओर से नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों को चोटें आई हैं, मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।