Home Blog Page 5757

पैसे की खातिर द्रौपदियां लगेंगी दाव पर

12 दिसम्बर 2010 को उत्तर प्रदेश में 5000 साल पुराना महाभारत काल दोहराया जायेगा| जिला पंचायत के सिंहासन के लिए सैकड़ो युधिष्ठर पैसो की खातिर जिला पंचायत में चुनी गयी आधी आबादी का वोट बिना उनके मन को टटोले वोट बेच रहा होगा| इस शर्मनाक वाकये में लोकतंत्र के चारो खम्भे अलग अलग भूमिका में नजर आयेंगे| राजनीती के शिखंडी, कानून के रखवाले और मीडिया तीनो बिना आँख पर पट्टी बांधे अन्धो की तरह लोकतंत्र का चीरहरण होते देखेंगे और ताली पीटेंगे और कानून शिकायत के इन्तजार में खामोश रह कर आँखों पर पट्टी बांध असह्याय नजर आएगा|

क्या ये शर्म की बात नहीं होगी क्यूंकि उस इतिहास को फिर दोहराया जायेगा जो आज से लगभग 5 हजार साल पहले महाभारत काल में हुआ था| तब भरी सभा में द्रोपदी से बिना पूछे युधिष्ठर ने उसे दाव पर लगाया था और आख पर पट्टी बांधे गांधारी और पुत्र मोह में अंधे धतराष्ट्र की मौजूदगी में आधी आबादी का चीर हरण हुआ था| अब 5000 साल बाद फिर वही होगा जिला पंचायत में चुन कर आई ५० प्रतिशत महिलाओं का वोट बिना उनसे पूछे उनका युधिष्ठर बेच रहा होगा और कानून व् प्रशासन बिना आँख पर पट्टी बांधे अन्धो की तरह लोकतंत्र का चीरहरण देखेगा|
क्या फायदा है सरकारों के नए कानून बना कर महिलाओं को ५० फ़ीसदी आरक्षण देने का| जब वही सरकारे उनके अधिकारों को सुरक्षित करने की वजाय केवल राजनीती की चौपड़ पर जीत के लिए पंचायत के सदस्यों को येन केन प्रकरण अपने वश में कर जीत का शंख सुनना चाहती हो और वो भी तब जब उत्तर प्रदेश ही नहीं हिंदुस्तान की राजनीती में नया अध्याय रचने वाली मायावती खुद आधी आबादी से आती हो और उनके सत्ता काल में ये सब हो|
क्या हिंदुस्तान में हर चुनाव सीधे जनता द्वारा नहीं होने चाहिए ताकि इस प्रकार की मंडी न लग सके| अपनी राय जरूर लिखे और जेएनआई के साथ एक अभियान चलायें|

पुलिस का कारनामा: ट्रक चालक के हेलमेट न लगाने पर काटा चालान

मुजफ्फरनगर।| यहां एक अजीबोगरीब घटना में एक ट्रक चालक का केवल इसलिए चालान काट दिया गया क्योंकि वह बिना हेलमेट पहने ट्रक चला रहा था।

पुलिसकर्मियों की ज्यादती का शिकार बने मुजफ्फरनगर जिले के करहेडा गांव निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि 1 दिसंबर को वह राजस्थान से ट्रक से मुजफ्फरनगर आ रहा था।

जब वह कैराना कोतवाली क्षेत्र की पुलिस चौकी के निकट पहुंचा तो चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर ट्रक के कागज दिखाने के लिए कहा। कागज देखने के बाद जब पुलिसकर्मियों को अवैध उगाही का कोई दूसरा रास्ता नहीं सूझा तो उन्होंने बगैर हेलमेट ट्रक चलाने के जुर्म में चालान काट दिया।

इसके बाद वह चालान लेकर पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय पहुंचा तो वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे अदालत जाने को कहा।

मायावती को झप्पी-पप्पी का प्रस्ताव देने पर फंसे संजय दत्त

बाराबंकी|| अमर सिंह के चौकाने वाले बयान के बाद राजनीति से तौबा कर लेने वाले बॉलीवुड स्टार संजय दत्त एक बार फिर कानूनी शिकंजे में फंस गए हैं। इस बार उन पर उत्तर प्रदेश की मुखिया मायावती को झप्पी-पप्पी का प्रस्ताव देने के लिए बाराबंकी की स्थनीय अदालत ने 10 हजार रुपए का जमानती वारंट जारी किया है।

दरअसल पिछले साल संजू बाबा ने लोक सभा चुनाव के दौरान बहुजन समाज पार्टी की रैली पर व्यंग कसते हुए उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती को जादू की झप्पी और पप्पी देने का अपमानजन प्रस्ताव दिया था। जिसके बाद मायावती ने संजय के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।

गौरतलब है कि उस समय संजय दत्त समाजवादी पार्टी के महासचिव हुआ करते थे और उन्होंने सपा की ओर से बसपा की मुखिया पर यह अपमानजनक व्यंग किया था।

अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रट अरविंद मिश्रा ने बुधवार को संजय पर यह वारंट जारी करते हुए कहा कि यह हरकत देश के एक स्टार एक्टर के लिए बेहद शर्मनाक है। इस मामले पर अगली सुनवाई 15 जनवरी को की जाएगी।

पिछले दिनों अमर के एक बयान पर राजनीति से संजय पहले ही तौबा कर चुके हैं। अमर का कहना थ कि संजय को अंडरवर्ल्ड का फोन आया था कि उनकी जान खतरे में है। हां यह बात अलग है कि कुछ ही देर बाद अमर अपने बयान से पलट गए थे।

जिला पंचायत चुनाव में बसपा के २ प्रत्याशी, कौन जिताऊ?

फर्रुखाबाद: जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव आज से काफी रोचक हो गया है| बसपा की ओर से अध्यक्ष पद के घोषित प्रत्याशी तहसीन सिद्दीकी के अलावा अब अतुल गंगवार अघोषित प्रत्याशी हो गए हैं| अभी तक कयास लगाया जा रहा था कि तहसीन का नामांकन रद्द होने पर अतुल को चुनाव लड़ाया जाएगा|

तहसीन का नामांकन पर कोई खतरा न होने के बावजूद आज नामंकन वापसी के दिन अतुल पर्चा वापस न लेकर मैदान में डट गए हैं| उधर लखनऊ में जिला पंचायत चुनाव की समीक्षा करने वाले नेताओं की सूची में यहाँ पार्टी का जिला पंचायत अध्यक्ष बनना शामिल कर लिया गया है| लेकिन तहसीन के जीतने पर संशय होने के कारण पार्टी के नेता अतुल पर भी दांव लगाने को तैयार हैं|

राजनैतिक गलियारों में चर्चा है, दोनों नेताओं से कहा गया है कि वह अपने समर्थक जिला पंचायत सदस्यों को अपनी मुट्ठी में रखें| उधर खुफिया विभाग को खासकर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव एवं सदस्यों की गतिवधियों पर निगरानी रखने के लिए लगाया गया है| सूत्रों के मुताविक अब बसपा के बड़े नेता खुफिया विभाग की रिपोर्ट के अलावा पार्टी संगठन के निष्कर्ष के आधार पर यह तय करेंगे कि कौन जिताऊ प्रत्याशी है? उसी के पक्ष में अंतिम समय वोटरों को लामबंद किया जाएगा|

उधर जनक्रांति पार्टी की प्रत्याशी डॉ अनीता यादव व सपा प्रत्याशी मंजूलता यादव में छत्तीस का आंकड़ा है| दोनों एक-दूसरे को हराने के लिए किसी भी अन्य प्रत्याशी का भी समर्थन कर सकते हैं| ऐसे में बसपा की स्थित और मजबूत हो सकती है|

दो जिला पंचायत सदस्यों ने बड़ी उम्मीद के साथ अपना एक-एक करोड़ रुपये का रेट खोला था, जो कोई भाव न मिलने के कारण अब कटोरा लिए प्रत्याशियों के दरवाजे के चक्कर लगा रहे हैं|

फिर महंगे होंगे पेट्रोल-डीजल

नई दिल्ली: तेल कंपनियां अगले सप्ताह पेट्रोल की कीमतों में डेढ से दो रूपए प्रति लीटर की वृद्धि कर सकती है। इसके साथ ही डीजल के दाम में भी दो रूपए लीटर वृद्धि का प्रस्ताव सरकार के पास विचारधीन है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि 13 दिसंबर को संसद के वर्तमान सत्र के समापन के बाद पेट्रोल कीमतों में वृद्धि की जाएगी। इसके साथ ही डीजल के दामों में बढोत्तरी भी तय मानी जा रही है। क्योकि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 90 डालर प्रति बैरल के स्तर के करीब पहुंच गया है। इससे डीजल की खुदरा कीमत और उसके आयात की लागत में अंतर बढ रहा है।

पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवडा ने कल वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी से मुलाकात कर अगले सप्ताह डीजल कीमतों में वृद्धि के लिए मंत्रियों के अधिकार प्राप्त समूह (ईजीओएम) की बैठक बुलाने पर चर्चा की। संसद के शीतकालीन सत्र से पहले नो नवंबर को इंडियन आयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने आखिरी बार पेट्रोल कीमतों में वृद्धि की थी।

अधिकारी ने कहा कि पेट्रोल कीमत में उस समय 32 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी जो खुदरा कीमतों को अंतर्राष्ट्रीय बाजार की कीमतों के समान लाने केलिए 1.1 रूपए प्रति लीटर की जरूरी वृद्धि से कम थी। तीनों कंपनियों को इस समय पेट्रोल की बिक्री पर 2.40 रूपए प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है। हालांकि उन्होंने यह नहीं कहा कि डीजल कीमतों में बढोत्तरी कितनी होगी।

दुकानदार को घायल कर रुपये लूटे

फर्रुखाबाद: नगर के मोहल्ला सलावत खां निवासी हलवाई सर्वेश सैनी को घायल कर रुपये लूट लिए गए| कोतवाली पुलिस ने घायल को लोहिया अस्पताल पहुंचाया|

सर्वेश की मोहल्ले में ही मिठाई की दुकान है वह दुकान बंद कर ८ बजे घर जा रहा था| सर्वेश ने बताया कि रस्ते में अरविन्द, नरेन्द्र, सत्यपाल व रामबाबू के दो पुत्रों ने घेर लिया, मारपीट व तमंचे से मारने की धमकी देकर ११ हजार रुपये लूट लिए|

घटना की रंजिश में बताया गया कि तीन दिन पूर्व सर्वेश का भतीजा रिषभ दुकान पर बैठा था| उसने अरविंद को उधार मिठाई देने से मना कर दिया था| इसी बात से गुस्साए अरविंद ने रिषभ की शिकायत उसके पिता पप्पू से की| गुस्साए अरविंद ने रिषभ के परिजनों को गाली देकर अपमानित किया| पुलिस व मोहल्ले वालों ने आपस में समझौता करा दिया था|

घायलों का हाल जानने बनारस पहुंचीं मुख्यमंत्री

वाराणसी : शीतला घाट पर धमाका होने के लगभग सात घंटे बाद प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती नगर में पहुंचीं। रात लगभग एक बजे वह एअरपोर्ट पहुंचीं जहां से उनका काफिला सीधे नगर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान उन्होंने अफसरों से घायलों व घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों से अब तक की खोजबीन व घटना के कारणों की जानकारी ली।
सीएम के पहुंचने से लगभग एक घंटा पहले ही उनके आने की खबर मंडलीय अस्पताल पहुंच गई जिसका नतीजा यह हुआ समूचा अस्पताल मानो सोते से जाग उठा। चिकित्सक आला उतारकर बिजली के झूले तारों व स्विचबोर्ड को ठीक करने लगे। वार्ड ब्वाय व अन्य पैरामेडिकल स्टाफ ट्यूबलाइट बदलने में लग गए।
चंद मिनटों के भीतर अस्पताल का हर कोना रोशन हो उठा। कोने-अतरे की गंदगी को पर्दे से ढंक दिया गया। कुछ ऐसा ही आलम शहर की सड़कों पर देखने को मिला। रात के सन्नाटे में मुख्यमंत्री की नजर कही सड़क किनारे पसरी गंदगी पर न पड़ जाय इसके लिए नगर निगम भी सोते से जाग उठा। जिन रास्तों से मुख्यमंत्री को गुजरना था उन रास्तों के साथ-साथ शहर के अन्य मुख्य मार्गो के दोनों किनारों को भी रातोरात चूने से ढंक दिया गया।
उधर मुख्यमंत्री के घाट पर पहुंचने की सूचना से लगभग आधा घंटा पूर्व सूबे के स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्र, पंचायती राज मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, मुख्य सचिव, गृह सचिव समेत जिले के समस्त बड़े अधिकारी घाट पर पहुंच गए। बसपा के अधिकांश छोटे-बड़े नेता भी कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री की अगवानी के लिए घाट पर मौजूद रहे।

वाराणसी धमाकों में ३ गिरफ्तार, साजिश का पर्दाफाश

बनारस: वाराणसी बम विस्फोट मामले में जांच एजेंसियों को पहली सफलता आज इस हादसे के मुख्य साजिशकर्ता डॉ. शाहनवाज और असादुल्ला के पहचान के रूप में मिली है। जांच एजेंसियों का दावा है कि वाराणसी धमाके की साजिश आतंक के डॉक्टर शाहनवाज ने रची थी।

डॉ. शाहनवाज की दिल्ली के बटला हाउस मुठभे़ड और 2005 के वाराणसी बम धमाका मामले में भी तलाश है। शाहनवाज और असादुल्ला फिलहाल ये शरजाह में हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दल ने आज त़डके तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे इस हादसे में उनकी भूमिका के बारे में पूछताछ कर रहा है। मंगलवार सायं शीतला घाट पर गंगा आरती के दौरान जिस यह बम धमाका हुआ, विदेश पर्यटकों समेत हजारों लोग मौजूद थे। धमाके में एक बच्ची की जान चली गई थी जबकि कुछ विदेशी पर्यटकों समेत 37 लोग घायल हो गए थे।

सूत्रों के मुताबिक संजारपुर निवासी शाहनवाज आजमगढ़ से बीएएमएस करने के बाद लखनऊ में एक नर्सिग होम में काम करता था। बाद में वह इंडियन मुजाहिदीन से जु़ड गया था। इस समय इंडियन मुजाहिदीन का नियंत्रण उसी के हाथ में है। पुणे के जर्मन बेकरी बम ब्लास्ट, दिल्ली का जामा मस्जिद इलाके में विदेशी पर्यटकों की बस पर फायरिंग और वाराणसी में बम धमाका कर आईएम अपनी मौजूदगी दिखाना चाहता है। राजस्थान में जयपुर के 2008 के सीरियल बम धमाकों, जिसमें 60 लोगों ने जान गंवाई थी, में भी शाहनवाज का ही हाथ था। उसका भाई सैफ विस्फोट मामले में गुजरात पुलिस की हिरासत में बताया गया है।

घटना का दूसरा मास्टरमाइंड असादुल्ला डॉ. जावेद का बेटा है। दिल्ली धमाके में अपना नाम आने के बाद डॉ. शाहनवाज और वह दुबई निकल गए थे। दोनों इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापक रियाज भटकल के काफी नजदीक बताए जाते हैं।
वाराणसी बम धमाके के मुंबई कनेक्शन के मद्देनजर दिल्ली में आज गृह मंत्रालय की अहम बैठक हुई। बैठक में यह बात सामने आई कि वाराणसी बम धमाके में आतंकियों ने अमोनियम नाइट्रेट और एल्युमिनियम के टुक़डों का इस्तेमाल किया था|

सूत्रों के मुताबिक इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापक इकबाल भटकल और रियाज भटकल आतंकी संगठन को फिर मजबूत करने की फिराक में हैं। इकबाल भटकल इन दिनों संयुक्त अरब अमिरात में हैं जबकि उसका छोटा भाई रियाज भटकल ने कराची में शरण ले रखी है।
खबर यह भी है कि मुंबई एटीएस और एनआईए की टीम विकास अहमद उर्फ वकरूद्दीन से पूछताछ कर रही है। वकरूद्दीन पर हैदराबाद में पुलिसकर्मी पर हमले का आरोप है।

पुलिस कार्यालय का नशेड़ी सिपाही निलंबित

फर्रुखाबाद: पुलिस अधीक्षक डॉ के एजिलरशन ने रिट सेल के नशेड़ी लिपिक सिपाही विजयपाल सिंह को निलंबित कर दिया, तथा थाना कम्पिल के मुंशी पर राईफल तानकर मारने की धमकी देने वाले नशेड़ी सिपाही रामदुलारे के मामले की जांच सीओ मोहम्दाबाद एसके मलिक को सौंपी है|

बीते दिनों पुलिस कार्यालय में नशा करके ड्यूटी करने वाले रिट सेल के सिपाही विजयपाल सिंह का लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया गया था| थाना कम्पिल के मुंशी रामदुलारे का कायमगंज के अस्पताल में चेकअप कराया गया था| सिपाहियों के शराब पीने की पुष्टि हुयी थी|

विस्फोट से गुस्साए भाजपाईयों ने गृहमंत्री का पुतला फूँका

फर्रुखाबाद: वाराणसी के शीतला घाट पर बीते शाम आतंकी विस्फोट की घटना से जिले के भाजपाईयों में जबर्दस्त रोष व्याप्त है| गुस्साए भाजपाईयों ने चौक बाजार में केंद्र सरकार के गृहमंत्री पी चिदंबरम का पुतला फूँका|

भाजपा के प्रदेश मंत्री मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, जिलाध्यक्ष डॉ भूदेव राजपूत, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष आशू अवस्थी, आदित्य मिश्रा, सुमन राठौर, शैलेन्द्र सिंह आदि दर्जनों भाजपाई एकत्र हुए| प्रदेश मंत्री मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने आतंकी विस्फोट की घटना पर जबर्दस्त रोष व्यक्त किया|

भाजपा नेता श्री द्विवेदी ने आतंकवाद का विरोध करते हुए आतंकी घटनाओं के लिए केंद्र सरकार खासकर गृहमंत्री पी चिदंबरम को दोषी ठहराया| उन्होंने घटना की लापरवाही में प्रदेश सरकार को भी घसीटा| भाजपा नेताओं ने ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जांचकर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की|