Home Blog Page 5671

शहर में गंदगी और सड़कों की दुर्दशा देखकर सीएम नाराज

फर्रंखाबाद, 23 फरवरीः मुख्यमंत्री मायावती ने बुधवार को दौरा ठीक ठाक निबट जाने के बावजूद चलते समय सड़कों की दुर्दशा और शहर में गंदगी पर अपनी नाराजगी डीएम से जता ही दी।

मुख्यमंत्री मायावती का बुधवार का दौरा यूं ता ठीक ठाक निबट ही गया। अस्पताल में सूचना पट के एक मेज के सहारे टिके होने के अतिरिक्त मलिन बस्ती में जल निकासी और अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था पर भी उन्होने अप्रसन्नता प्रकट की। इससे से भी ज्यादा नाराजगी मुख्यमंत्री ने शहर में गंदगी और कलक्ट्रेट से पुलिस लाईन तक के मार्ग की दुर्दशा पर जताई। इस नाराजगी का इजहार उन्होंने हेलीपैड पर रवानगी से पूर्व किया।

कहां से आये मेदपुर के स्कूल में यह चमचमाते बरतन

फर्रुखाबाद, 23 फरवरीः कायमगंज के ग्रमा मेंदपुर के प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को मुख्यमंत्री मायावती के दौरे के लिये स्कूल के छात्रों को जिन चमचमाते बरतनों में खाना (मध्याह्न भोजन) परोस गया वह दरअसल आये कहां से यह अभी तक रहस्य बना हुआ है।

परिषदीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। अधिकांश विद्यालयों में तो खाना बनता ही नहीं है। जहां बनता भी है वहां न तो मीनू का लिहाज रखा जाता है और न ही गुणवत्ता का ध्यान रखा जाता है। बच्चों को खाने के लिये अपने घरों से बर्तन लाने पड़ते हैं।  परंतु मुख्य मंत्री के दौरे के लिये बुधवार को प्राथमिक विद्यालय में नयी चमचमाती थालियां, गिलास, कटोरियां और हद तो यह है कि चम्मच तक मौजूद थे। सवाल यह उठता है कि आखिर यह बर्तन आये कहां से। ग्राम प्रधान रामसेवक से पूछने पर उन्होंने अनभिज्ञता प्रकट करते हुए बताया कि उनको तो जानकारी तक नहीं है कि यह बर्तन आये कहां से। जाहिर है कि ग्राम प्रधान के हस्ताक्षर के बिना खाते से पैसा निकल नहीं सकता। सायं काल स्कूल के निरीक्षण से खुश मुख्यमंत्री मायावती ने ग्रम मेदपुर के विद्यालयों में गुरुवार को अवकाश रखने के आदेश दिये।

हैलीपैड छोटा देख आईजी ने ली अधिकारियों की क्लास

फर्रंखाबाद, 23 फरवरीः मुख्यमंत्री मायावती के दौरे से पूर्व निरीक्षण के दौरान हैलीपैड की लंबाई चौड़ाई कम देखकर आईजी पुलिस चंद्र प्रकाश ने लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राशिद हुसैन की जमकर क्लास लगाई।   अंबेडकर ग्राम मेंदपुर में मुख्यमंत्री के दौरे के लिये निकट ही कुंवरपुर गांव में बने हैलीपैड का निरीक्षण करने पहुंचे आईजी पुलिस चंद्र प्रकाश हैलीपैड का साईज देखकर आग बबूला हो गये। उन्होंने लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राशिद हुसैन को बुलाकर मुख्यमंत्री कार्यालय से आये मानक के बारे में पूछते हुए हैलीपैड को बड़ा 20X20 मीटर का करने के निर्देश दिये। आईजी की फटकार सुनकर अधिकारियों के हाथपांव फूल गये। आनन फानन में हैलीपैड को चारों ओर से बढ़ाकर ठीक किया गया। आयुक्त कानपुर मंडल पीके मोहन्ती ने हैलीपैड के पास बने सेफ हाउस का निरीक्षण किया।

दबंग सीओ बोले कि डीएम, एसपी कुछ नहीं

फर्रुखाबाद: लोहिया अस्पताल में मुख्यमंत्री मायावती की सुरक्षा, व्यवस्था में तैनात डिप्टी एसपी पंकज बोले कि डीएम, एसपी कुछ नहीं मै आज किसी की भी बात नहीं मानूंगा, उस अधिकारी से बात कराओ जो मेरा नुकशान कर सके|

काशीराम नगर के सीओ पंकज मिश्रा की दबंगई देख प्रभारी सूचना अधिकारी वीरेन्द्र शुक्ल हक्के-बक्के रह गए| पुलिस वाले मीडिया कर्मियों को लोहिया अस्पताल में घुसने से रोक रहे थे| श्री शुक्ल ने जिन स्थानों से पत्रकारों के कवरेज कराने की योजना बनाई उस पर सीओ ने पानी फेर दिया| सीओ मुख्यमंत्री के रूट से काफी दूर पत्रकारों को बने रहने पर तैयार हुए जिस पर पत्रकारों ने विरोध कर दिया| तब श्री शुक्ल ने सीओ की डीएम एसपी से बात कराने को कहा था|

मौके पर मौजूद अपर पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र ने पत्रकारों के समक्ष यह कहकर हाँथ खड़े कर दिए कि आज मै आप लोगों की कोई मदद नहीं कर सकता| उधर मुख्यगेट पर तैनात इंस्पेक्टर ग्रीश कुमार गौटिया व सीओ पंकज की लोहिया अस्पताल परिसर में घुसने को लेकर व्यापारी नेत्री सुलक्षणा सिंह से भी नोक-झोंक हुई|

सुलक्षणा ने जब पुलिस वालों को आत्महत्या कर लेने तक की धमकी दी तो पुलिस कर्मियों के हाँथ-पैर फूल गए| बाद में इन्ही पुलिस अधिकारियों ने सहयोग करने के लिए सुलाक्ष्ना सिंह को धन्यवाद भी दिया|

बैक डेट में कार्यमुक्त बीआरसी अवकाश पर गये

फर्रुखाबाद, 23 फरवरीः  जेएनआई द्वार दो-दो बीआरसी नियुक्त कर दिये जाने का समाचार प्रकाशित कर दिये जाने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कौशल किशोर ने ब्लाक संसाधन केंद्र समन्वयकों को कार्यमुक्त कर दिये जाने के आदेश कर दिये हैं। आदेश की भनक लगते ही जनपद के चार बीआरसी अचानक बीमार पड़ गये हैं।

विदित है कि शासन के निर्देशानुसार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कौशल किशोर ने ब्लाक संसाधन केंद्र समन्वयकों का चार्ज सम्बंधित प्रतिउप विद्यालय निरीक्षकों (एसडीआई) को सौंपने के आदेश कर दिये थे। इसी बीच बीआरसी समंवयकों ने किसी प्रकार अपनी रिलीविंग मैनेज करली। एक ही ब्लाक में दो दो बीआरसी नियुक्त हो जाने के विषय में जेएनआई ने समाचार प्रकाशित किया। समाचार के प्रकाशन के बाद डा.किशोर ने बीआरसी समंवयकों को कार्यमुक्त करने का आदेश जारी कर दिया है। विभागीय सूत्रों का दावा है कि पत्र बैकडेट में जारी कर दिया गया है। इस संबंध में बीएसए कुछ कहने को राजी नहीं हैं परंतु फिलहाल जनपद के चार ब्लाकों बढ़पुर प्रदीप चतुर्वेदी, मोहमदाबाद के अरविंद कुमार, शमसाबाद के शिवकुमार और कमालगंज के रामसनेही कमल के अवकाश पर चले जाने की सूचना है। सूचना के अनुसार बीआरसी समंवयक कार्यमुक्ति आदेश प्राप्त करने से कतरा रहे हैं।

कर्मचारी ने कर दी सरेआम अधिकारी की फजीहत

फर्रुखाबाद: मुख्यमंत्री के आने की तैयारी से भयभीत लोहिया अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नेता सगीर अहमद ने प्रभारी जिला सूचना अधिकारी वीरेंद्र शुक्ला की फजीहत कर दी|

मुख्यमंत्री का कवरेज करने के लिए प्रभारी जिला सूचना अधिकारी वीरेंद्र शुक्ल ने मीडिया कर्मियों के लिए लोहिया अस्पताल के गेट के निकट बने राजकीय होमयोपैथिक चिकित्सालय में बैठने का इंतजाम किया| जब इस बात की जानकारी कर्मचारी नेता सगीर अहमद को मिली तो उन्होंने अपनी नौकरी का हवाला देते हुए पत्रकारों को कार्यालय में फटकने तक न देने की जानकारी श्री शुक्ला को दी|

इसी बात को लेकर दोनों में काफी देर तक कहासुनी हुई| सगीर अहमद ने श्री शुक्ला से कहा कि मै आज किसी भी कीमत पर आपकी यह बात नहीं मानूगा| इस दौरान श्री शुक्ला का चेहरा देखने लायक था| पत्रकारों ने कोई अहमियत न होने के कारण उनकी खिल्ली उड़ाई|

हेलीकाप्टर नीचे, टाफी मुह के अन्दर

फर्रुखाबाद: मायावती के अम्बेडकर गाँव मेदपुर में स्कूल के बच्चो की बुधवार को बल्ले बल्ले हो गयी| बेस्वाद, घटिया और रोज रोज नमकीन चावल मिड डे मील खाते खाते उब चुके नौनिहालों को आज मुख्यमंत्री क्या होता है इसका एहसास हो गया| टेंट हाउस के थाली, गिलास मगाए गए| बढ़िया लजीज मिड डे मील बना| साफ़ सफाई के बाद गोला बनाकर मिड डे मील खिलाया गया| बुधवार को मायावती ने गाँव का निरीक्षण किया था|

आईडिया की खोपड़ी ने कमाल दिखाया

मायावती के दौरे को लेकर अधिकारिओ ने बाकायदा रिहर्सल की थी| जनता के मुह बंद रखने के तमाम इंतजाम किये गए| कहीं अन्दर रहे की ताकीद तो कहीं ट्राफिक पर रोक लगाकर इंतजाम किया गया| मगर सबसे बड़ी परेशानी उन नौनिहालों से थी जिन्हें मायावती के दौरे तक स्कूल में रखना था| अब बच्चे तो बच्चे है कुछ भी बोल बैठे| इनकी तो कोचिंग भी बेकार हो सकती थी| लिहाजा नया इंतजाम किसी बड़ी ही समझदार खोपड़ी ने किया| जैसे ही माया मैडम का उड़न खटोला मेदपुर में गढ़गढ़ाया उस समझदार खोपड़ी के आईडिया ने काम दिखा दिया| एक बड़ी सी बढ़िया कंपनी की टॉफी बच्चो के मुह में चूसने को दी गयी| मायावती का दौरा उस गाँव में लगभग २५ मिनट का था इसी लिहाज से टाफी इतनी बड़ी चुनी गयी कि कम से कम 30 मिनट तक जब तक मैडम गाँव में रहे मुह में स्वाद देती रहे और बच्चे अनायास ही कुछ न बोले| फिर टाइम सेट हुआ और हुआ रिहर्सल| मुह में टाफी डाल चूसी गयी और टाइम सेट हो गया| जैसे ही मैडम का हेलीकाप्टर नीचे उतरा बच्चो के मुह में टाफी अन्दर कर दी गयी| चुपचाप चूसे रहो|

ठिलिया टैम्पों वालों की दिहाड़ी पर डाका, रास्ते जाम, नागरिक हलकान

फर्रुखाबाद, 23 फरवरीः विगत एक माह से मुख्यमंत्री मायावती का बहुप्रतीक्षित दौरा आखिर आज निबट गया और अधिकारियों ने राहत की सांस ली। परंतु माया का यह दौरा नागरिकों व विशेषकर दिहाड़ी मजदूरी कर गुजर बसर करने वालों पर काफी भारी पड़ा। मुख्य मंत्री मायावती के दौरे के चक्कर में रोज कमाने-खाने वाले खोमचे-ठिलाया और टैम्पो वाले गुरुवार को बेमौत मारे गये। आवास विकास से फतेहगढ़ तक कोई सवारी न होने के कारण महिलाये, बुजुर्ग और स्कूली बच्चे तक पैदल आते जाते नजर आये। सड़कों पर पुलिस के जगह-जगह बैरियर लगा कर रास्ते बंद कर दिये जाने के कारण नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हद तो यह हुई कि विधान परिषद सदस्य व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के घर की ओर जाने वाले लोहाई रोड भी बंद रहा, जबकि इस मार्ग पर आधा दर्जन अस्पताल व नर्सिंग होम भी हैं।

मायावती के दौरे के लिये विगत एक माह से अधिक से तैयारियां कर रहे प्रशासन ने बुधवार को राहत की सांस ली। परुतु इसे मुखयमंत्री का खौफ कहें या अपनी नोकरी बचाने के लिये पुलिस व प्रशासन की हद दर्जे की निष्ठुरता कहें कि दिन भर शहर में टैम्पो नहीं चलने दिये गये। दफ्तरों और स्कूलों से वापस लौटने वाले कर्मचारियों और छात्रों को घर तक पहुंचना दूभर हो गया। बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन से लागों को घर पहुचना मुश्किल हो गया। महिलायें व बुजुर्ग तक सामान लादे पैदल मार्च करते नजर आये। दौरे का समय करीब आते-आते तो शहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखा।  हद तो यह हुई कि विधान परिषद सदस्य और नगर पालिका अध्यक्ष मनोज अग्रवल के घर को जाने वाला लोहाई रोड पर पुलिस ने बैरियर लगा दिया। उल्लेखनीय है कि इसी सड़क से डा. रजनी सरीन, डा. मनोज मल्होत्रा, डा. हरिदत्त द्विवेदी सहित लगभग आधा दर्जन नर्सिंग होम व क्लिनिक भी है। सबसे ज्यादा कठिनाई रोज कमाने खाने वाले टैम्पो चालकों और ठिलिया खोमचा लगाने वालों या लोहिया अस्पताल के निकट चाय व पान बीड़ी की दुकान रखने वालों को हुई। पुलिस ने पूरे दिन गरीबो की दुकान नहीं खुलने दी।

मुख्यमंत्री के काफिले की टक्कर से घायल हो गया ड्राईवर

फर्रुखाबाद: लोहिया अस्पताल जाते समय मुख्यमंत्री मायावती के काफिले की टक्कर से मिशन कम्पाउंड में रहने वाला ड्राईबर प्रकाश दयाल बुरी तरह घायल हो गया|

सधबाड़ा में ड्राईवरी करने वाला प्रकाश दयाल कपड़ों में प्रेस कराने आवास विकास कालोनी जा रहा था| ब्लाक बढपुर के निकट मुख्यमंत्री के काफिले में चल रहे वाहन की जोरदार टक्कर लगने से वह फ़ुटबाल की तरह उछलकर दूर जा गिरा| परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया|

ड्राईवर प्रकाश ने बीते दिनों ही मिशन अस्पताल में आँखों का आपरेशन कराया था| सिर में अंदरूनी चोट लगने से उसकी हालत गंभीर बताई गयी है|

CM के कारण ८ घंटे तक बंधक रहा गंभीर घायल मरीज

फर्रुखाबाद: मुख्यमंत्री मायावती को खुश करने के लिए लोहिया अस्पताल के कर्मचारियों व पुलिस वालों ने जमकर कहर ढाया जिसके कारण प्रातः ११ बजे हालत गंभीर होने के कारण रिफर किया गया घायल छोटेलाल ८ घंटे बाद अस्पताल से बाहर निकल सका|

थाना शमसाबाद के ग्राम दनियापुर निवासी वृद्ध छोटेलाल बीते दिन ही दुर्घटना में घायल हो गए थे| हालत गंभीर होने के कारण डाक्टर ने उन्हें प्रातः ११ बजे ही रिफर कर दिया था| लेकिन पुलिस वालों ने न तो उन्हें अस्पताल के बाहर निकलने दिया और न ही बाहर से एम्बुलेंश को अन्दर जाने दिया| पुलिस की सख्ती के कारण लोहिया अस्पताल के मरीज व उनके तीमारदार सायं ६:५० बजे तक अस्पताल में ही कैद रहे|

मरीजों के सैकड़ों तीमारदार अस्पताल के बाहर भटकते रहे| बहुत से मरीजों को पुलिस की सख्ती के कारण अन्य अस्पतालों में ले जाया गया|