भाजपा नेता के भाई की पकड़ छूटी, फिरौती पर चुप्पी

0
117

फर्रुखाबाद: बीते 24 मई को थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम कान्हेंपुर निवासी 35 वर्षीय सूर्यकांत दुबे पुत्र रामानंद का अपहरण कुछ अज्ञात बदमाशों ने धीरपुर पखना रोड पर रात्रि तकरीबन 9 बजे कर लिया था। बुधवार को अपह्रत सूर्यकांत दुबे खुद ही अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटकर वापस आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व सूर्यकांत दुबे के परिजनों ने उसे मुंशीनगला से बरामद किया। फिरौती की लेनेदेन के मामले पर पुलिस व परिजन अभी चुप्पी साधे हुए हैं।

[adrotate banner="3"]

भाजपा जिला महामंत्री कुलदीप दुबे के भाई सूर्यकांत दुबे ने बताया कि बदमाशों ने धीरपुर पखना रोड पर मदनपुर जाते समय अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद बदमाशों ने उसके दोनो हाथ कोहनी से ऊपर बांध दिये थे। कानो में रुई, आंखों में पट्टी व मुहं में कपड़ा ठूंस दिया था। खाने के लिए मात्र आधी रोटी सुबह और शाम दी जाती थी। फिरौती को लेकर बदमाशों ने 15 लाख दिलाने के लिए सूर्यकांत दुबे पर दबाव भी बनाया। जिसके लिए उसे मारापीटा भी गया।

सूर्यकांत दुबे ने बताया कि अपहरणकर्ता बदमाशों ने उसे एक हाथ से दूसरे हाथ में भी दिया। जहां फिरौती को लेकर आपस में कुछ बातचीत भी होती थी। इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि आखिर अपहरण करने के बाद बदमाशों ने उसे खुद ही क्यों छोड़ दिया। सूर्यकांत के अनुसार बदमाश उसे किसी छोटे वाहन मारुति  पर बैठाकर गंगा नदी के किनारे स्थित ढाई घाट के बाद कुआंखेड़ा चौकी के अन्तर्गत छोड़ गये। जहां नदीपार करने के बाद वह पैदल भागता हुआ मुंशी नगला पहुंचा और वहां के प्रधान रामशंकर पण्डित को घटना के सम्बंध में सारी बात बतायी। प्रधान ने कोतवाली मोहम्मदाबाद के प्रभारी ऋषीपाल सिंह को सूर्यकांत दुबे के बारे में बताया। पुलिस द्वारा दूधिया सूर्यकांत दुबे के परिजनों को सूचना दी गयी। कोतवाली मोहम्मदाबाद के प्रभारी ऋषीपाल सिंह फोर्स के साथ सूर्यकांत दुबे के परिजनों को साथ लेकर मुन्शी नगला पहुंचे और सूर्यकांत दुबे को बरामद कर लिया।
लेकिन बदमाशों ने बगैर किसी फिरौती के लगभग एक सप्ताह रखने के बाद क्यों छोड़ दिया इस बात को बार-बार पूछने के बाद भी परिजन और पुलिस बताने से कन्नी काटते नजर आये। सुबह तकरीबन 10 बजे सूर्यकांत दुबे की बरामदगी के बाद शाम तकरीबन साढ़े पांच बजे कोतवाली प्रभारी ऋषीपाल सिंह ने सूर्यकांत दुबे का लोहिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।

[adrotate banner="2"]