‘ला नीना’ ने बढ़ाई सर्दी, मार्च तक ठंड से निजात नहीं!

नई दिल्ली। उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। इसका असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की माने तो इस साल सर्दी मार्च तक बनी रहेगी।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस साल ठंड मार्च तक रहने वाली है। जो ठंड आमतौर पर मकर संक्रांति यानि मिड जनवरी से कम होनी शुरू हो जाती थी वो अब होली तक चलेगी। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो ‘ला नीना’ की वजह से मौसमी हलचल होने वाली है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक ‘ला नीना’ दरअसल वो हवाएं हैं जो दक्षिण प्रशांत महासागर में हवाओं को बर्फीला बना देती हैं। इसका असर यूरोप और एशिया में होता है। इसकी वजह से मौसम में कई बदलाव होते हैं।
तापमान सामान्य से काफी कम हो जाता है।
भारतीय मौसम विज्ञान संस्थान के हवाले से कुछ अखबारों का कहना है कि
भारत में ज्यादा ठंड होने की वजह मौसम में होने वाला बदलाव है, ये बदलाव कहीं न कहीं ‘ला नीना’ से जुड़ रहा है और इसकी वजह से अगले दो महीने तक देश में तापमान सामान्य से कम रहेगा।
संडे से पहले नहीं मिलेगी ठंड से राहत
दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में रविवार से पहले राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दो दिन तक शीत लहर का कहर जारी रहेगा। रात में कोहरा वैसे ही रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सर्दी से राहत फरवरी मध्य तक ही मिलेगी। हालांकि, एनसीआर में 23-24 जनवरी को न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि होगी और शीत लहर कम होगी|

मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को एनसीआर के अलावा पटियाला, अंबाला, करनाल, रोहतक, मेरठ, आगरा, बरेली और ग्वालियर में सुबह घना कोहरा रहा। दृश्यता 50 मीटर से भी नीचे दर्ज हुई। जम्मू-कश्मीर और पहाड़ी इलाकों की बर्फबारी-ठंडी हवाओं से दिल्ली, हिसार, नामौल, चुरु, पिलानी और उज्जैन में न्यूनतम तापमान 4 डि.से. से नीचे दर्ज किया गया। मैदानी इलाके की बात करें तो सबसे नीचे 1.6 डि.से. न्यूनतम तापमान एरिनपुरा (राजस्थान) का दर्ज किया गया। दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा के अलावा पंजाब व यूपी के कुछ इलाकों में शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ाए रखी। 22 जनवरी को फिर से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हिमालय के आसपास और उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा।

इससे न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज होगी। मौसम विभाग के निदेशक सुदेवन ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल से चलने वाली उत्तरी बर्फीली हवाओं के कारण दक्षिण भारत को ठंड हो रही है। वहां का न्यूनतम तापमान कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश में 15-24 डि.से. के बीच है जो सामान्य से 3-4 डि.से. नीचे है। यही वजह है कि सर्दी का अहसास हो रहा है। उत्तर भारत में इस वर्ष सर्दी 15 फरवरी के आसपास तक रहेगी। एनसीआर की बात करें तो दिल्ली का मौसम सबसे ठंडा रहा। सफदरजंग केंद्र पर बेशक न्यूनतम तापमान 4.8 डि.से. दर्ज किया गया लेकिन नरेला, मंगेशपुर और जाफरपुर में न्यूनतम तापमान 3 डि.से. से नीचे दर्ज किया गया। हवा में अधिकतम नमी 97 फीसदी और न्यूनतम 64 फीसदी दर्ज की गई। अगले दो दिन मौसम कुछ इसी तरह का बना रहेगा।