हथियारबंद बदमाशों ने दो पुलिसकर्मियों को गोली से उड़ाया

0
97

मथुरा। मथुरा जिले में अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी और उनकी रायफलें लेकर फरार हो गए।

[adrotate banner="3"]

नौझील थाने से करीब दो किलीमीटर दूर एक सुनसान जगह पर सिपाही कृष्ण कुमार और रामवीर सिंह की बदमाशों ने मंगलवार देर रात हत्या कर दी। दोनों इसी थाने में तैनात थे। नौझील थाना प्रभारी लेखराज सिंह ने बुधवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि घटना के वक्त दोनों पुलिसकर्मी रात्रि गश्त पर थे।

सूचना के बाद जब वह मौके पर पहुंचे तो पुलिसकर्मियों की मोटरसाइकिल मौजूद थी लेकिन उनकी रायफलें गायब थीं। सिंह ने कहा कि फिलहाल घटना में शामिल बदमाशों की पहचान और उनका मकसद साफ नहीं हो पाया है। पुलिस की टीमों को उनकी तलाश में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि शवों को देखकर साफ लग रहा है कि पहले बदमाशों ने दोनों पुलिसकर्मियों की डंडों से बुरी तरह से पिटाई की और फिर बाद में गोली मारी। दोनों के सिर पर गम्भीर चोटें थीं।

[adrotate banner="2"]