मंत्री के विरुद्ध लोकायुक्त से शिकायत पर जान से मारने की धमकी

0
184

फर्रुखाबाद: लोक आयुक्त से महोबा में श्रम मंत्री बादशाह सिंह की सरकारी जमीनों पर कब्जे की शिकायत करने वाले अखिलेश उपाध्याय को जान से मारने की धमकी दी गई है।

[adrotate banner="3"]

मंगलवार को लोक आयुक्त न्यायमूर्ति एनके मेहरोत्रा से मिलकर अखिलेश ने जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए लोक आयुक्त को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि बादशाह सिंह के मामा के लड़के, मुन्ना नामक एक व्यक्ति तथा दो अज्ञात लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। उनकी जान को खतरा है और उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। लोक आयुक्त ने पत्र कैबिनेट सचिव को भेजकर उपाध्याय की सुरक्षा की व्यवस्था कराने को कहा है।

महोबा के चरखारी तहसील के गांव खरेला के निवासी अखिलेश उपाध्याय ने 17 अगस्त को लोक आयुक्त के समक्ष शिकायत दाखिल करके बादशाह सिंह पर सरकारी जमीन पर कब्जा करके विद्यालय व निजी भवन का निर्माण करने का आरोप लगाया था। प्रथम दृष्ट्या आरोप सही पाए जाने पर लोक आयुक्त ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। इस संबंध में 23 सितंबर तक बादशाह सिंह जवाब भी तलब किया गया था।

लोक आयुक्त ने अपने सचिव के जरिये उपाध्याय का पत्र कैबिनेट सचिव को भेजकर उनकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा है। न्यायमूर्ति मेहरोत्रा ने माना कि उपाध्याय ने उनसे मिलकर जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट सचिव को उपाध्याय की चिट्ठी भेजकर सुरक्षा मुहैया कराने को कहा गया है।

[adrotate banner="2"]