विवादों से घिरे मंत्री अवधपाल सिंह ने दिया इस्तीफ़ा

Uncategorized

प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री अवध पाल सिंह यादव ने लोकायुक्त द्वारा भ्रष्टाचार का दोषी ठहराए जाने के बाद पद से त्याग पत्र दे दिया है. त्यागपत्र देने के बाद उन्होंने मीडिया को बताया कि लोकायुक्त ने मेरे ख़िलाफ़ मुख्यमंत्री को रिपोर्ट दी है. उसी के आधार पर मैंने नैतिकता के नाते इस्तीफ़ा दे दिया है. मैंने मुख्यमंत्री जी से अपने ख़िलाफ़ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की भी मांग की है।

विदित है कि अवध पाल ने पिछले विधान सभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के विधायक रामेश्वर सिंह यादव को हराया था. रामेश्वर सिंह के बेटे डॉक्टर सुबोध यादव ने लोकायुक्त कार्यालय में उनके ख़िलाफ़ शिकायत की थी। स्थानीय जानकारों के अनुसार अवध पाल सिंह ने कुछ महीने पहले ब्लॉक प्रमुख चुनाव में अपने चचेरे भाई ओम पाल यादव का विरोध किया था और जिला प्रशासन पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए उन्हें चुनाव में हरवा दिया था। इसके बाद ओम पाल अवध पाल के राजनीतिक विरोधी समाजवादी पार्टी के नेता रामेश्वर सिंह यादव से मिल गए और मंत्री के ख़िलाफ़ ग्राम समाज की ज़मीनों पर कब्ज़े और अन्य मामलों की गोपनीय जानकारी पहुँचा दी। शिकायतकर्ता डॉक्टर सुबोध यादव ने मंत्री के ख़िलाफ़ आरोपों के बारे में प्रमाण सहित जानकारी दे दी। लोकायुक्त ने इनके बारे में अधिकारियों और मंत्री से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के बाद मंगलवार को मंत्री को दोषी ठहराते हुए उन्हें बर्खास्त करने की सिफ़ारिश भेज दी थी। समझा जाता है कि इस रिपोर्ट के बाद मुख्यमंत्री के लिए अवध पाल सिंह का बचाव करना मुश्किल हो गया और उन्हें स्वेच्छा से त्याग पत्र देने कि सलाह दी गई थी। इसी के बाद उन्होंने अपना त्यागपत्र सौंप दिया।