लघु गोष्ठियां साहित्य की प्रयोगशाला के समान हैं: उमाशंकर

0
11

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)नगर की प्रमुख साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था अभिव्यक्ति की मासिक काव्य गोष्ठी आवास विकास स्थित संस्था के सदस्य प्रेम सागर के आवास पर आयोजित की गई। कन्नौज के वरिष्ठ साहित्यकार उमाशंकर वर्मा साहिल की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी का संचालन संस्था के संरक्षक एवं वरिष्ठ साहित्यकार नलिन श्रीवास्तव ने किया।मां सरस्वती की वंदना के साथ शुरू हुई गोष्ठी में संस्था को सक्रिय बनाए रखने, युवा पीढ़ी में साहित्य के प्रति रुचि जगाने और नए रचनाकारों को प्रोत्साहित करने पर विचार-विमर्श किया गया।अध्यक्षीय संबोधन में उमाशंकर वर्मा साहिल ने कहा कि युवाओं को साहित्य के प्रति जागरूक करना और उनमें रचनात्मक अभिरुचि विकसित करना वरिष्ठ साहित्यकारों का दायित्व है। अभिव्यक्ति की ओर से आयोजित की जा रही लघु गोष्ठियों की पहल इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इतिहास साक्षी है कि अनेक बड़े साहित्यकार छोटे-छोटे साहित्यिक आयोजनों से ही उभरकर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि लघु गोष्ठियां साहित्य की प्रयोगशाला के समान हैं, जहां नई साहित्यिक पीढ़ी तैयार होती है।काव्यपाठ के क्रम में युवा कवि देवा यादव, डॉ. राजीव गुप्ता, दशरथ सिंह, प्रेम सागर सिंह चौहान, वरिष्ठ गजलकार नलिन श्रीवास्तव और अध्यक्ष उमाशंकर वर्मा साहिल ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर किया।अंत में प्रेम सागर ने अतिथियों के प्रति आभार जताते हुए भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने की अपील की। गोष्ठी के समापन पर संस्था के दिवंगत संयोजक स्व. महेंद्र तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।इस अवसर पर सतीश चंद्र, हवलदार, नरेश पाल, नरेश चंद्र, सूबेदार, रामखिलाड़ी, श्रेया परमार, सुशीला चौहान और चंद्रपाल रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]