उर्वरक की कालाबाजारी व अनियमितता पर कृषि विभाग की छापेमारी,18 दुकानों की जांच,7 को नोटिस

0
19

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने और खाद की कालाबाजारी व अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग की टीम ने जिले में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी के आदेश के क्रम में 18 खाद विक्रेताओं की दुकानों की जांच की गई। इस दौरान सात प्रतिष्ठानों पर विभिन्न कमियां मिलने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं।19 नवंबर को कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में उर्वरक बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान राजेपुर रठौरी स्थित मां वैष्णो खाद भंडार के बिक्री रजिस्टर में किसानों के मोबाइल नंबर दर्ज नहीं पाए गए। वाहिदपुर के कुंज ट्रेडर्स, कमालगंज के गरीब नवाज कृषि सेवा केंद्र, गौसपुर के हिंदुस्तान किसान सेवा केंद्र और नौगवां स्थित एग्री जंक्शन पर रेट बोर्ड एवं स्टॉक बोर्ड नहीं लगे मिले। वहीं, नगरिया देवधरापुर स्थित एग्री जंक्शन और कुंदन गनेशपुर के बालाजी कृषि सेवा केंद्र बिना कोई सूचना चस्पा किए बंद मिले। इन सभी प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।मुख्य विकास अधिकारी प्रतिदिन जिला कृषि अधिकारी एवं उर्वरक से जुड़े अधिकारियों के साथ खाद की आपूर्ति, वितरण और उपलब्धता की समीक्षा कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिले में लगातार छापेमारी और निगरानी जारी रहेगी।जिले में खाद का पर्याप्त भंडारप्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में वर्तमान में यूरिया 26,554 मीट्रिक टन, डीएपी 8,470 मीट्रिक टन, पोटाश 6,677 मीट्रिक टन, एनपीके 19,682 मीट्रिक टन और सिंगल सुपर फास्फेट 10,798 मीट्रिक टन उपलब्ध है। अधिकारियों का दावा है कि किसानों की मांग के मुकाबले जिले में पर्याप्त उर्वरक मौजूद है। किसानों को खतौनी और आधार के आधार पर सहकारी एवं निजी बिक्री केंद्रों से उनकी भूमि के अनुपात में खाद उपलब्ध कराई जा रही है।कृषकों से अपील की गई है कि खाद खरीदने के लिए बिक्री केंद्र पर खतौनी और आधार कार्ड अवश्य लेकर जाएं। निर्धारित मानक के अनुसार प्रति हेक्टेयर अधिकतम पांच बोरी डीएपी और सात बोरी यूरिया अनुमन्य है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]