प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा, गतका के हैरतअंगेज करतबों ने मोहा मन

0
17

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) प्रकाश पर्व पर भव्य शोभायात्रा फतेहगढ़ गुरुद्वारे से प्रारंभ होकर भोलेपुर, आवास विकास और कादरी गेट होते हुए लालगेट स्थित रेखी कुदरत बाग पहुंची। यहां विभिन्न सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान सिख धर्मगुरुओं को शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
रेखी कुदरत बाग में अमर शहीद बाबा दीप सिंह गतका अखाड़ा, महमदपुर खीरी के संत बाबा गुरनाम सिंह के शिष्यों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। अखाड़े के उस्ताद बलराज सिंह, गुरविंदर सिंह, हरविंदर सिंह और जसवंत सिंह ने तलवारबाजी एवं पारंपरिक युद्ध कला का प्रदर्शन किया। आंखों पर पट्टी बांधकर तलवारबाजी और जमीन पर लेटे लोगों के शरीर पर रखे नारियल को तलवार से काटने जैसे करतब दिखाए गए। वहीं, कीलों पर लेटकर शरीर के ऊपर रखी बर्फ की सिल्ली को हथौड़े से तोड़ने का प्रदर्शन देखकर दर्शक दंग रह गए। इस दौरान सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, हरजिंदर सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, रणवीर सिंह बख्शी, राजेंद्र सिंह और तोषितप्रीत सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
इसके बाद शोभायात्रा लालगेट से रवाना होकर लालसराय, घुमना, नेहरू रोड और चौक होते हुए लोहाई रोड स्थित गुरुद्वारे पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में विभिन्न गुरुद्वारों और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ ही अन्य धर्मों के लोग भी शामिल हुए। नगर पालिका के टैंकर से मार्ग पर पानी का छिड़काव किया जा रहा था, जबकि महिलाएं और बच्चे झाड़ू लगाकर रास्ते की सफाई करते हुए चल रहे थे। पंच प्यारे के स्वरूप में पांच श्रद्धालु पैदल चल रहे थे।
शहर में जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से स्वागत किया गया। गुरुद्वारे पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित भंडारा देर रात तक चलता रहा।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]