फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा कर हादसों पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि वर्ष 2026 में अक्टूबर तक प्रदेश में 41,738 सड़क दुर्घटनाओं में 22,285 लोगों की मौत हुई। वहीं फर्रुखाबाद में 383 दुर्घटनाओं में 222 लोगों की जान गई। पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में जिले में सड़क हादसों में 3.03 प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 1.76 प्रतिशत की कमी आई है।अपर पुलिस
अधीक्षक गिरीश सिंह ने बताया कि पुलिस ने अक्टूबर तक 83,436 वाहनों के चालान और 396 वाहन बंद कर 80.50 लाख रुपये जुर्माना वसूला। परिवहन विभाग ने 4,090 चालान और 645 वाहन बंद कराकर 197 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर भी चालान की कार्रवाई बढ़ाई गई है।सांसद ने शुकरुल्लापुर ब्रिज पर लाइटें न लगे होने पर नाराजगी जताते हुए सेतु निगम को तत्काल प्रकाश व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने मुरहास कन्हैया में 40 किलोमीटर की गति सीमा पर चालान किए जाने का मुद्दा उठाया। सांसद ने एनएचएआई अधिकारियों से सड़क की हालत सुधारने को कहा।कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने कोहरे के मद्देनजर वाहनों में रिफ्लेक्टर लगवाने और नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान दोबारा चलाने की मांग की। सांसद ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, नवाबगंज चेयरमैन अनिल राजपूत, सीडीओ विनोद कुमार गौड़, एएसपी गिरीश सिंह, सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सड़क हादसों में कमी, फिर भी मौतों का आंकड़ा चिंताजनक
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



