फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) किसानों की फसलों को समय पर पानी उपलब्ध कराने के लिए लगाए गए सरकारी नलकूप की बदहाल व्यवस्था अब अन्नदाताओं के लिए मुसीबत बन गई है। सरकारी नलकूप तो लगा है, लेकिन उससे खेतों तक पानी पहुंचाने वाली नाली जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने के कारण किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। विभागीय लापरवाही का खामियाजा किसानों को अपनी फसल की सिंचाई के लिए परेशान होकर भुगतना पड़ रहा है।विकास खंड बढ़पुर के
ग्राम विजाधरपुर में स्थित सरकारी नलकूप की करीब 200 मीटर लंबी नाली टूटकर जर्जर हो चुकी है। नाली की हालत इतनी खराब है कि नलकूप से छोड़ा जाने वाला पानी खेतों तक पहुंचने के बजाय रास्ते में ही बिखर जाता है। मौजूदा समय में किसानों ने आलू की बोआई कर दी है। फसल के शुरुआती दौर में सिंचाई की जरूरत है, लेकिन नाली क्षतिग्रस्त होने से किसान पानी के लिए परेशान हैं। समय पर सिंचाई नहीं हो पाने से फसल प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है।हैरानी की बात यह है कि समस्या को लेकर किसान विभागीय अधिकारियों से शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन अभी तक नाली की मरम्मत नहीं कराई गई। सरकारी नलकूप होने के बावजूद किसान निजी संसाधनों से सिंचाई करने या दूसरे विकल्प तलाशने को मजबूर हैं। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते नाली की मरम्मत नहीं हुई तो उनकी मेहनत और लागत दोनों पर संकट खड़ा हो सकता है।इस संबंध में नलकूप विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मौके पर जांच के लिए अवर अभियंता को निर्देशित किया गया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि विभागीय जांच कब पूरी होती है और किसानों को राहत देने के लिए टूटी नाली की मरम्मत कब तक कराई जाती है।
सरकारी नलकूप की टूटी नाली से सूख रही किसानों की उम्मीदें, पानी के लिए भटक रहे अन्नदाता
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



