अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली

0
21

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन रविवार शाम पांचाल घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पूर्वांचल परिवारों की महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर विधि-विधान से पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। घाट पर छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पूर्वांचल विकास समिति के बैनर तले आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष केदार शाह एवं मो. शमीम खान ने बताया कि छठ महापर्व पर व्रती महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ पूजन किया। पर्व के पहले दिन नहाय-खाय के बाद व्रती महिलाओं ने खरना का पूजन किया। इस दौरान आम की लकड़ी से मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ और चावल की खीर तथा रोटी का प्रसाद तैयार किया गया। प्रसाद छठी मैया को अर्पित करने के बाद व्रतियों ने ग्रहण किया। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ। रविवार शाम व्रती महिलाओं ने नदी के जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया जाएगा। छठ पूजा को लेकर पांचाल घाट को गन्ने के पत्तों और आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया था। शाम होते ही घाट की सजावट देखते ही बन रही थी। छठ पर्व पर पूर्वांचल के परिवारों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पांचाल घाट पहुंची। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पूजा-अर्चना की और छठी मैया के गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी घाट पर व्यवस्था संभालते नजर आए।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]