फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) 23वें मानस सम्मेलन में मानस भूषण श्री अरिमर्दन शास्त्री ने रामकथा की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि श्रीराम कथा का श्रवण करना बड़े सौभाग्य की बात है। जिन लोगों को रामकथा सुनने का अवसर मिलता है, उनका जीवन धन्य हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को श्रद्धा और विश्वास के साथ रामकथा का श्रवण करने के साथ ही उसके संदेशों को अपने जीवन में उतारना चाहिए।हमीरपुर से आए अरिमर्दन शास्त्री ने मानस की चौपाइयों की व्याख्या करते हुए कहा कि श्रीराम कथा मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा दिखाती है। कथा के श्रवण, मनन और आचरण से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है।बांदा से आईं मानस रामायणी सुमन जी ने भजनों के माध्यम से रामकथा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में भगवान श्रीराम परब्रह्म के स्वरूप हैं। गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरित मानस के माध्यम से मानव जीवन को आदर्श रूप में जीने का मार्ग दिखाया है। भगवान राम के नाम का स्मरण जीव का कल्याण करता है और भवसागर से पार उतरने का मार्ग प्रशस्त करता है।इस दौरान मानस विद्वान सर्वेश शुक्ल, कु. साधना रामायणी और अंबरीष सहित अन्य वक्ताओं ने रामचरित मानस की चौपाइयों के माध्यम से भरत चरित्र, शिव-पार्वती संवाद और रामकथा के महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि रामचरित मानस परिवार और समाज में संस्कार स्थापित करने का सरल माध्यम है।कार्यक्रम का समापन श्रीराम दरबार के भव्य दर्शन और महाआरती के साथ हुआ। सम्मेलन संयोजक भरत सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उर्मिला सिंह, शारदा भदौरिया और सौरभ दुबे ने आरती उतारी। राहुल कनौजिया, संजय गुप्ता, मनीष गुप्ता, मीडिया प्रभारी राजेश निराला और अमित गुप्ता सहित अन्य लोगों ने रामभक्तों का स्वागत किया।कार्यक्रम का संचालन ब्रजकिशोर सिंह किशोर ने किया।
23वें मानस सम्मेलन में रामकथा की महिमा का किया बखान
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



