खेत की जुताई के पैसों के विवाद में खूनी संघर्ष, महिला की मौत से मचा कोहराम

0
14

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के गांव जाजपुर बंजारा में खेत की जुताई के रुपये मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दबंगों ने पहले खेत की ओर जा रहे एक व्यक्ति को रास्ते में रोककर मारपीट की। इसके बाद उसके घर में घुसकर पत्नी, तीन पुत्रियों और देवरानी को भी लाठी-डंडों व लात-घूंसों से पीटा। गंभीर रूप से घायल पत्नी को जिला अस्पताल लोहिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में तनाव और मातम का माहौल है।जानकारी के अनुसार गांव जाजपुर बंजारा निवासी शशिकांत 9 नवंबर 2026 को शाम करीब पांच बजे अपने खेतों की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही दीपक पुत्र शैलेंद्र सिंह ने उन्हें रोक लिया और खेत की जुताई के रुपये नहीं देने की बात कहकर विवाद शुरू कर दिया। शशिकांत ने बताया कि वह कई दिन पहले ही जुताई के रुपये दे चुके हैं, अब दोबारा रुपये क्यों मांग रहे हो। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी।आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दीपक ने फोन कर अपने पिता शैलेंद्र सिंह, मां मिथिलेश और पुत्री को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने एकजुट होकर शशिकांत के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में शशिकांत बेहोश होकर घटनास्थल पर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद भी हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे शशिकांत के घर में घुस गए।घर में मौजूद उनकी पत्नी निर्मला देवी, तीन पुत्रियों तथा देवरानी कविता पत्नी माधौ सिंह के साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई। घटना में सभी लोगों को चोटें आईं। शशिकांत का आरोप है कि हमलावरों ने उनकी पत्नी निर्मला देवी को विशेष रूप से निशाना बनाते हुए बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।परिजन आनन-फानन में निर्मला देवी को जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शशिकांत ने आरोप लगाया कि हमलावर उनकी अपाचे बाइक भी अपने साथ ले गए।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।नोट: खबर में मारपीट, बाइक ले जाने और हत्या से संबंधित आरोप पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर लिखे गए हैं। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]