भाई दूज पर रोडवेज बस स्टॉप पर उमड़ी बहनों की भीड़

0
10

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भाई दूज के त्योहार पर बुधवार को फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टॉप पर यात्रियों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। बहनों के घर जाने और त्योहार मनाकर वापस लौटने वालों की भीड़ के चलते बस स्टॉप पर दिनभर अव्यवस्थाओं का आलम रहा। बसों में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की होती रही। इसी बीच जेबकतरी और महिला के गले से सोने की चेन तोड़ने की शिकायतों ने हड़कंप मचा दिया। बसों की कमी और शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।रामगंज थाना गुरसहायगंज निवासी विजय कुमार ने बताया कि बस में चढ़ते समय किसी ने उनकी जेब से पर्स पार कर दिया। पर्स में 1100 रुपये रखे थे। उन्होंने रोडवेज पूछताछ केंद्र पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की, लेकिन उन्हें रोडवेज चौकी भेज दिया गया।वहीं मोहल्ला इस्माइलगंज, थाना कोतवाली फर्रुखाबाद निवासी सूरज कश्यप ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी सारिका कश्यप अपनी पुत्री गुनगुन और पुत्र अरुण के साथ बहन शीतल के घर पाली जाने के लिए हरदोई जाने वाली बस में सवार हो रही थीं। इसी दौरान किसी ने उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन तोड़ ली। शिकायत पर रोडवेज चौकी इंचार्ज दयानंद पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, फिर भी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।उधर, पांचाल घाट पुल पर जाम लगने से गंगा पार क्षेत्र के हरदोई, शाहजहांपुर और बदायूं जाने वाली बसों का संचालन प्रभावित हुआ। इसके चलते इन मार्गों पर जाने वाले यात्रियों को काफी देर तक बसों का इंतजार करना पड़ा। वहीं कायमगंज रोड पर कायमगंज, अलीगंज और जसमई के पास जाम लगने से बसों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसका असर फर्रुखाबाद रोडवेज डिपो में बसों की उपलब्धता पर भी पड़ा। बसों की कमी के चलते यात्री घंटों बसों के इंतजार में खड़े रहे।बसों में अधिक से अधिक सवारियां बैठाने को लेकर कुछ चालक, परिचालकों और बस मालिकों के बीच भी विवाद की स्थिति बन गई। इसी दौरान एक महिला परिचालक और दूसरी बस के पुरुष परिचालक के बीच गाड़ी हटाने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और महिला परिचालक ने दूसरे परिचालक पर जूता उठाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया। इस घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।त्योहार के चलते रोडवेज बस स्टॉप के आसपास दिनभर भीड़ और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से कई बार जाम की स्थिति बनी। सूचना पर टीएसआई सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क पर आड़े-तिरछे खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। बसों में चढ़ने को लेकर यात्रियों के बीच कई बार धक्का-मुक्की और हाथापाई की नौबत भी आई।भाई दूज जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर रोडवेज बसों की कमी, जाम, अव्यवस्थित संचालन और सुरक्षा संबंधी शिकायतों के चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]