फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना कादरी गेट क्षेत्र के ठंडी सड़क स्थित शुगर मोटर्स के गोदाम में दीपावली की देर रात आतिशबाजी का रॉकेट गिरने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर मरम्मत के लिए
खड़ी दो कारें और गोदाम में रखा अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।जानकारी के
अनुसार ठंडी सड़क स्थित शुगर मोटर्स की दुकान के पीछे बने गोदाम में कई चार पहिया वाहन मरम्मत के लिए खड़े थे। गोदाम में कबाड़ और अन्य सामान भी रखा हुआ था। दीपावली की रात आसपास
आतिशबाजी हो रही थी। इसी दौरान एक रॉकेट गोदाम में आकर गिर गया। रॉकेट गिरने से वहां पड़े कबाड़ में आग लग गई। देखते ही देखते
आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद आग दूसरी कार तक भी पहुंच गई।
कुछ ही देर में गोदाम से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं।आग लगने की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने फायर सिलेंडर व पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही
दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट और थाना कादरी गेट पुलिस भी मौके पर
पहुंच गई। आग बुझाने के दौरान ठंडी सड़क मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। शुगर मोटर्स के मालिक ने बताया कि आग से हुए नुकसान का अभी पूरा आकलन नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार ने बताया कि पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
आतिशबाजी का रॉकेट गिरने से शुगर मोटर्स के गोदाम में लगी आग, दो कारें समेत सामान जला
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



