लाल गेट-कादरी गेट रोड पर कबाड़ के ढेर, हादसे का खतरा

0
45

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)थाना कादरी गेट क्षेत्र में लाल गेट से कादरी गेट जाने वाले पांचाल घाट रोड पर सड़क किनारे कबाड़ के बड़े-बड़े ढेर लगे हैं। बुलेट एजेंसी के पास सड़क के दोनों ओर कबाड़ जमा होने से मार्ग संकरा हो गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। व्यस्त मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस समस्या पर नहीं पड़ने से उनकी कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। दीपावली का त्योहार नजदीक है और जगह-जगह आतिशबाजी की जाएगी। ऐसे में पटाखों की चिंगारी कबाड़ तक पहुंचने से आग लगने का खतरा बना हुआ है। घनी बस्ती के बीच कबाड़ जमा होने से आसपास के मकानों और दुकानों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता है। किसी अनहोनी की स्थिति में लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले दीपावली के दिन गंगानगर में कबाड़ के गोदाम में आग लग गई थी। तत्कालीन थानाध्यक्ष अमोद कुमार सिंह ने दमकल को बुलवाया था। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। उस गोदाम के आसपास भी घनी बस्ती और ऊंची इमारतें थीं।इस घटना के बावजूद आबादी वाले क्षेत्रों में कबाड़ के ढेरों से जुड़े सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय मार्ग पर यातायात प्रभावित होने के साथ आग की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में संबंधित विभागों और प्रशासन को समय रहते जांच कराकर आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है, जिससे किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]