फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर के अम्बेडकर नगर नरकसा मोहल्ले में रविवार देर रात लकड़ी के गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गोदाम मालिक जहीर अहमद ने कुछ लोगों पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाते हुए कादरीगेट थाने में शिकायत की है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।जहीर अहमद के मुताबिक, घटना रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई। गोदाम में आग लगने की सूचना मिलने पर उनका बड़ा बेटा जमाल मौके पर पहुंचा तो पूरा गोदाम आग की लपटों से घिरा था। इसके बाद मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब एक से डेढ़ घंटे की मशक्कत के बावजूद गोदाम में रखा सामान नहीं बचाया जा सका।आग में 18 दरवाजे, सात चौखट, 15 खिड़कियां और लकड़ी चीरने की मशीनें जल गईं। व्यापारी के अनुसार, गोदाम में ऑर्डर पर तैयार किया गया माल रखा था, जिसमें छह पल्लों के ऑर्डर का सामान और रेडीमेड बोर्ड के दरवाजे भी शामिल थे। उन्होंने करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।व्यापारी का कहना है कि गोदाम में बिजली का कनेक्शन चालू नहीं था, इसलिए वह शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका से इनकार कर रहे हैं। उन्होंने घटना के पीछे साजिश होने का संदेह जताया है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।सूचना पर कादरीगेट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष कपिल सिंह ने बताया कि आग लगने का कारण अभी साफ नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, एडवोकेट शिवेन्द्र मोहन मिश्रा ने पीड़ित व्यापारी को राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
लकड़ी के गोदाम में लगी आग, पांच लाख का माल राख
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]


