धूमधाम से मनेगी सहकारिता के जनक बाबू बृजनंदन लाल की 134वीं जयंती

0
32

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सहकारिता के जनक बैरिस्टर बाबू बृजनंदन लाल की 134वीं जयंती पर 25 अक्टूबर को भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। बैरिस्टर बाबू बृजनंदन लाल स्मृति फाउंडेशन की ओर से होने वाले कार्यक्रम की जानकारी शनिवार को बढ़पुर स्थित उत्सव भवन गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई। इस दौरान पदाधिकारियों ने बाबू जी के सामाजिक, शैक्षिक और सहकारिता के क्षेत्र में किए गए कार्यों को याद किया।पदाधिकारियों ने बताया कि बढ़पुर में जन्मे बाबू बृजनंदन लाल ने अंग्रेजी शासन के दौरान संघर्ष करते हुए सहकारी बैंक की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके माध्यम से किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने का प्रयास किया। उन्होंने किसानों और आम जनता पर लगने वाले लगान तथा मालगुजारी को कम कराने में भी योगदान दिया।विधान परिषद सदस्य के रूप में छह वर्ष तक कार्य करते हुए उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जिले, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर शासकीय महिला विद्यालय खोलने के प्रस्ताव पारित कराने की दिशा में प्रयास किए। क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के लिए अपनी निजी भूमि दान की। मिशन अस्पताल की स्थापना के लिए भी भूमि दान की। इसके अलावा बढ़पुर में शीतला माता मंदिर का निर्माण कराकर उसका ट्रस्ट स्थापित किया। बढ़पुर ब्लॉक सहित अन्य सरकारी भवनों के लिए भी उन्होंने अपनी निजी भूमि उपलब्ध कराई।प्रेस वार्ता में बताया गया कि बाबू बृजनंदन लाल के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से घनिष्ठ संबंध थे। दोनों ने इंग्लैंड में साथ-साथ बैरिस्टर की पढ़ाई की थी। उनके योगदान को याद करते हुए फाउंडेशन की ओर से जयंती समारोह को भव्य रूप देने की तैयारियां की जा रही हैं।इस अवसर पर फाउंडेशन के अध्यक्ष आदित्य कटियार, उपाध्यक्ष अंशुल सिंह, कोषाध्यक्ष विभव जी लाल, संगठन मंत्री अंकुर कटियार, रजत कुमार, राजेश सैनी, मीडिया प्रभारी सचिन कटियार तथा विधिक सलाहकार हरवीर यादव और धर्मेंद्र कनौजिया मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]