धूमधाम से निकली श्रीराम बारात, भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु

0
40

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर में सोमवार शाम श्री रामलीला मंडल फर्रुखाबाद की ओर से श्रीराम बारात धूमधाम से निकाली गई। रेलवे रोड स्थित सरस्वती भवन से रात करीब आठ बजे शुरू हुई शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। डीजे पर बजते भक्ति गीतों के बीच युवा नृत्य करते हुए आगे बढ़े, वहीं काली अखाड़े के कलाकारों ने अपने हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शोभायात्रा के दौरान शहर के प्रमुख बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते रहे और जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। श्रीराम बारात सरस्वती भवन से प्रारंभ होकर चौक, नाला, लोहाई रोड, गुड़गांव पक्का पुल और किराना बाजार होते हुए पुनः चौक पहुंची। इसके बाद नेहरू रोड, घुमना बाजार और लाल सराय से होते हुए लिंजीगंज स्थित जनकपुर में शोभायात्रा का समापन प्रस्तावित रहा। जनकपुर में भजन संध्या का आयोजन भी किया गया, जहां भक्तिमय गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। बारात के मार्ग में की गई आकर्षक सजावट और विद्युत झालरों ने उत्सव की छटा बिखेर दी।
देवी-देवताओं की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान गणेश की झांकी चल रही थी। इसके पीछे मां सरस्वती, खाटू श्याम, भगवान शंकर-पार्वती, बाबा नीम करौली महाराज, अंजनी माता, तुलसी-शालिग्राम, भगवान विष्णु-लक्ष्मी, मां काली, भगवान श्रीकृष्ण, बटुक भैरव, बालकृष्ण, द्वारकाधीश, मां दुर्गा, मां गंगा, भगवान परशुराम और राजा दशरथ सहित अन्य झांकियां शामिल रहीं। सबसे पीछे भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की झांकियां चल रही थीं। मार्ग के दोनों ओर खड़े लोगों ने झांकियों के दर्शन किए और धार्मिक जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। चौक से घुमना बाजार तक रंग-बिरंगी झालरों और लोहाई रोड पर की गई विशेष रोशनी से बाजारों की रौनक देखते ही बनी। सड़कों और दुकानों पर की गई सजावट ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। बड़ी संख्या में लोगों के उमड़ने से बाजारों में देर रात तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा। कुछ स्थानों पर धक्का-मुक्की, पुलिस ने संभाला मोर्चा: शोभायात्रा के दौरान कुछ स्थानों पर डीजे पर नृत्य करने को लेकर युवाओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। इसके अलावा कुछ स्थानों पर आवारा जानवरों के शोभायात्रा में घुस आने से भी अव्यवस्था की स्थिति देखने को मिली। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पुलिस और यातायात व्यवस्था में लगे कर्मियों ने आवागमन सुचारु रखने तथा व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया।रामलीला मंडल के पदाधिकारी रहे मौजूदश्री रामलीला मंडल के संरक्षक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, अध्यक्ष लालजी टंडन, मंत्री दीपक सक्सेना और कोषाध्यक्ष अशोक गर्ग सहित कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। राम बारात में भगवान के स्वरूपों की व्यवस्था की जिम्मेदारी मटर लाल दुबे ने संभाली। उनकी टीम के सदस्यों ने भी आयोजन को व्यवस्थित बनाने में सहयोग किया।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]