एनएच-730 सी की समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल ने उठाई आवाज, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

0
41

फर्रुखाबाद:((जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रीय राजमार्ग-730सी पर व्याप्त समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल ने आवाज उठाई है। व्यापारियों ने राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सड़क की मरम्मत कराने सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि राजमार्ग पर कई स्थानों पर सड़क, नालों और प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। इनके कारण स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने अधिकारियों से समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की है। सेंट्रल जेल व्यापार मंडल (फैम) के अध्यक्ष योगेश गुप्ता, महामंत्री डॉ. संजीव दुबे और युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवम दुबे सहित अन्य पदाधिकारियों ने सेंट्रल जेल चौराहे पर राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से राजमार्ग पर सामने आ रही विभिन्न समस्याओं की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया।व्यापार मंडल ने विजाधरपुर स्थित टाटा कार शोरूम के पास से गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर बने रैंप को ठीक कराने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि गांव की ओर आने-जाने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए रैंप की स्थिति दुरुस्त होना जरूरी है, जिससे आवागमन में असुविधा न हो।इसके साथ ही राजमार्ग के किनारे बने नालों के ऊपर कई स्थानों पर लगी पटियां टूटने का मुद्दा भी उठाया गया। व्यापार मंडल ने इन क्षतिग्रस्त पटियों को बदलवाने की मांग की, ताकि किसी राहगीर या वाहन चालक के साथ दुर्घटना की आशंका न रहे। व्यापारियों ने कहा कि नालों के ऊपर टूटी पटियां राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं। ऐसे में संबंधित स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जानी चाहिए।ज्ञापन में राजमार्ग पर कई स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था खराब होने की समस्या भी उठाई गई। व्यापार मंडल ने कहा कि जहां लाइटें खराब हैं या प्रकाश व्यवस्था बाधित है, वहां उन्हें ठीक कराया जाए, ताकि रात के समय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। इसके अलावा राजमार्ग की जगह-जगह क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग भी की गई।व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। जिन स्थानों पर मरम्मत की जरूरत है, वहां जल्द काम शुरू कराया जाए। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि अधिकारियों की ओर से ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]