फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ के तत्वावधान में सीएमओ कार्यालय परिसर में दूसरे दिन भी संविदा कर्मचारियों का धरना जारी रहा। जनपदभर से पहुंचे कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, नियमितीकरण सहित छह सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। कर्मचारियों ने शासन से लंबे समय से लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।संविदा कर्मचारियों का कहना है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान वेतन, सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल रहा है। इसी के विरोध में कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर हैं। संघ की प्रमुख मांगों में समान कार्य-समान वेतन और संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण शामिल है। इसके अलावा कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), मकान किराया भत्ता (एचआरए), ग्रेच्युटी तथा अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि आठ से 10 अक्टूबर तक जनपद मुख्यालय पर आंदोलन जारी रखने का कार्यक्रम तय किया गया है। इसके बाद 12 अक्टूबर को जिलेभर के एनएचएम संविदा कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में लखनऊ कूच करेंगे। कर्मचारियों ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने तक आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई जाएगी। हालांकि, आंदोलन के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित नहीं करने की बात भी कही गई। संघ के अनुसार, आंदोलन में करीब 250 कर्मचारियों ने सहभागिता की।कर्मचारियों ने शासन से छह सूत्रीय मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर उन्हें कार्य के अनुरूप वेतन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रमोद अग्निहोत्री, संगठन के जिलाध्यक्ष राज आर्यन अग्निहोत्री, साबिर हुसैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रतीप कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष रेनू, कोषाध्यक्ष नरेंद्र चौरसिया, रुपेश कुमार, कपिल गुप्ता, डॉ. स्थान सिंह, क्षमा चतुर्वेदी, ज्योति, रोशनी, हरद्वारी, कुमारी आरती, साधना रहे |
एनएचएम संविदा कर्मचारियों का दूसरे दिन भी धरना जारी, नियमितीकरण व समान वेतन की मांग
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



