कादरी गेट-मसेनी रोड पर घंटों जाम, स्कूली बच्चों और मरीजों को हुई परेशानी

0
66

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)थाना कादरी गेट क्षेत्र के कादरी गेट-मशेनी रोड पर गुरुवार को घंटों जाम लगा रहा। जाम में स्कूली बच्चों के साथ बीमार, बुजुर्ग और अन्य राहगीर फंसे रहे। यातायात का दबाव बढ़ने के बावजूद मौके पर पर्याप्त पुलिस अथवा यातायात कर्मी नजर नहीं आए।बताया गया कि बुधवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश के दौरान पांचाल घाट रोड पर चांदपुर के पास कई पेड़ सड़क पर गिर गए। अंबेडकर प्रतिमा के पास पकड़िया का पेड़ सड़क पर गिरने से यातायात बाधित हुआ। पेड़ की चपेट में बिजली के तार भी प्रभावित हुए। पांचाल घाट रोड बंद होने के बाद फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टॉप से पांचाल घाट की ओर जाने वाली रोडवेज बसों समेत अन्य वाहनों का दबाव कादरी गेट-मशेनी मार्ग पर बढ़ गया।वहीं नेकपुर से मशेनी रोड की ओर जाने वाला मार्ग भी पुलिया निर्माण के कारण पिछले कई दिनों से प्रभावित है। दोनों मार्गों पर यातायात प्रभावित होने से कादरी गेट-मशेनी रोड पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया। यातायात को नियंत्रित करने के लिए कुछ वाहनों को आवास विकास होते हुए मशेनी की ओर भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद कादरी गेट से लकूला रोड तक जाम की स्थिति बनी रही।स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क किनारे नर्सिंग होम के बाहर दोपहिया और चारपहिया वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े होने से यातायात व्यवस्था आए दिन प्रभावित होती है। गुरुवार को भी सड़क किनारे खड़े कुछ चारपहिया वाहनों के कारण जाम और लंबा हो गया। जाम में मरीजों को लेकर जा रहे वाहन और स्कूली वाहन भी फंसे रहे।मौके पर दो पीआरडी जवान और एक होमगार्ड यातायात संभालते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कादरी गेट थाना चंद कदम की दूरी पर होने के बावजूद जाम खुलवाने के लिए पुलिस या यातायात पुलिस के जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी मौके पर नजर नहीं आए। पूरे दिन रुक-रुककर जाम की स्थिति बनी रहने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों ने नर्सिंग होम और अन्य प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पांचाल घाट रोड बंद होने की स्थिति में प्रभावी वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]