फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले एनएचएम के संविदा कर्मचारियों ने गुरुवार को सीएमओ कार्यालय फतेहगढ़ में धरना देकर वर्षों से लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान काम के लिए समान वेतन समेत आठ सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। संगठन ने चेतावनी दी कि 10 अक्टूबर तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।धरने के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि वे पिछले 15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर सेवाएं दे रहे हैं। कोरोना संक्रमण काल समेत विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उन्होंने जिम्मेदारी निभाई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सेवा सुरक्षा और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।ज्ञापन में संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, समान काम के लिए समान वेतन, 10 लाख रुपये का फैमिली फ्लोटर कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, महंगाई भत्ता, प्रभावी ईपीएफ व नियोक्ता अंशदान, एचआरए अथवा सरकारी आवास तथा ग्रेच्युटी की मांग की गई। इसके अलावा लंबे समय से कार्यरत संविदा कर्मचारियों के पदों का स्वास्थ्य विभाग में सृजन करने की मांग भी उठाई गई। संगठन ने कहा कि लंबे समय से मांगों को लेकर शासन स्तर पर कर्मचारियों की समस्याएं उठाई जा रही हैं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। अब कर्मचारियों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राज आर्यन अग्निहोत्री ने की, जबकि संचालन मंत्री राखी ने किया। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष रेनू मिश्रा, कोषाध्यक्ष नरेंद्र चौरसिया, डॉ. रुपेश कुमार, डॉ. श्याम किशोर, अभिषेक वाजपेयी, साबिर हुसैन और कर्मचारी नेता प्रमोद दीक्षित सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।
सीएमओ कार्यालय में धरना, निर्णय न हुआ तो लखनऊ में होगी हड़ताल
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



