फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में करीब 36 घंटे तक लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। लंबे अंतराल के बाद लगातार हुई बारिश से एक ओर जहां लोगों ने मौसम का आनंद लिया, वहीं दूसरी ओर जलभराव, मकानों के क्षतिग्रस्त होने, पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हो गईं और जलनिकासी व्यवस्था की स्थिति सामने आ गई।लगातार बारिश के कारण फर्रुखाबाद नगर पालिका क्षेत्र के कई मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया। कुछ स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं। जलभराव के कारण दोपहिया वाहनों के साथ ही चार पहिया वाहनों की रफ्तार भी प्रभावित हुई। कई जगह पानी सड़क के किनारे बने नालों और गलियों तक फैल गया। बारिश के चलते कच्चे और जर्जर मकानों को भी नुकसान पहुंचा।नाले में डूबने से चार वर्षीय बच्चे की मौतलगातार बारिश के दौरान कई स्थानों पर सड़क और नाले का अंतर तक दिखाई नहीं दे रहा था। इसी बीच थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में चार वर्षीय बालक की नाले में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि बच्चा घर के बाहर निकला था और पैर फिसलने के कारण बारिश से उफनाए नाले में जा गिरा। काफी तलाश के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।स्कूल की करीब 200 मीटर लंबी दीवार भरभराकर गिरीभारी बारिश का असर शहर के थाना कादरी गेट क्षेत्र में भी देखने को मिला। कादरी गेट मोड़ के पास सड़क किनारे स्थित एक स्कूल की करीब 200 मीटर लंबी दीवार बारिश के कारण भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने के साथ सड़क का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इससे प्रकाश कॉलोनी, रत्नेश्वर महादेव गोल्ड के सामने तथा कादरी गेट क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो गया।सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ी। खासकर स्कूली वाहनों, छोटे बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष पति मनोज अग्रवाल से सड़क की स्थिति जल्द दुरुस्त कराने की मांग की।मनोज अग्रवाल ने लोगों को आश्वासन दिया कि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी जल्द टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे और आवश्यक कार्रवाई कराकर मार्ग को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावितलगातार बारिश के दौरान जनपद के कई हिस्सों में पेड़ और बिजली के खंभे भी गिर गए। कई स्थानों पर पेड़ सड़क पर गिरने से आवागमन बाधित हुआ। वहीं बिजली के खंभे गिरने और विद्युत लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से कुछ क्षेत्रों में घंटों बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। बारिश के बीच विद्युत व्यवस्था को सामान्य करने में विभागीय कर्मचारियों को भी परेशानी उठानी पड़ी।जलभराव ने बढ़ाई लोगों की परेशानीलगातार बारिश के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी रही। कई मोहल्लों में लोगों को घरों से निकलने के लिए पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। निचले इलाकों में जलभराव अधिक होने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए मार्गों ने समस्या को और गंभीर कर दिया। करीब 36 घंटे तक जारी रही बारिश ने नगर पालिका और प्रशासन के सामने जलभराव, क्षतिग्रस्त सड़कों और विद्युत व्यवस्था को सामान्य करने की चुनौती खड़ी कर दी है। लोगों ने जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने के साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों और मार्गों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
36 घंटे की लगातार बारिश से फर्रुखाबाद में जनजीवन अस्त-व्यस्त
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



