तहसील दिवस में राजस्व की सर्वाधिक शिकायतें

0
31

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता तक सीमित न रहे। अधिकारी आवश्यकता पड़ने पर मौके पर जाकर शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच करें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन शिकायतों का समाधान तत्काल संभव है, उनका मौके पर ही निस्तारण कराया जाए, जबकि अन्य मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए। राजस्व संबंधी शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को भूमि विवाद, पैमाइश, नामांतरण, कब्जे सहित अन्य मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 78 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 33, पुलिस की 12, विकास विभाग की 10, विद्युत विभाग की चार, खाद्य एवं रसद विभाग की पांच तथा अन्य विभागों से संबंधित 14 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर पांच शिकायतों का निस्तारण किया गया।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजेश कुमार द्विवेदी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, तहसीलदार अमृतपुर शशांक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]