पांचाल घाट पर गंगा स्नान के दौरान चार डूबे, तीन को बचाया

0
40

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) पांचाल घाट गंगा तट पर शनिवार सुबह गंगा स्नान के दौरान अलग-अलग घटनाओं में चार युवक डूबने लगे। पुलिस और गोताखोरों ने तीन युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि लखीमपुर खीरी निवासी 20 वर्षीय युवक पवन गहरे पानी में जाने के बाद लापता हो गया। गोताखोर उसकी तलाश में जुटे रहे।पहली घटना सुबह करीब 9:30 बजे पैट्रन पुल के सामने गंगा के उत्तरी छोर पर हुई। लखीमपुर खीरी के थाना मैकलगंज क्षेत्र के फत्तेपुर खीरी गांव से करीब आधा सैकड़ा लोग गंगा स्नान और जल भरने के लिए पांचाल घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान 20 वर्षीय पवन पुत्र जितेंद्र पाल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में मोहित, कौशल और आकाश भी पानी में फंस गए।आसपास मौजूद गोताखोरों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर मोहित, कौशल और आकाश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन पवन गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया। सूचना पर गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। चौकी प्रभारी हरिकेश ने बताया कि तीन युवकों को सकुशल बचा लिया गया है, जबकि पवन की तलाश जारी है। थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि गंगा में कटान के कारण कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। ऐसे में स्नान करते समय लोग अचानक गहरे पानी में पहुंच जा रहे हैं। पुलिस और गोताखोरों की मदद से कई लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। दूसरी घटना में युवक को बचाया : सुबह करीब 10 बजे पांचाल घाट पर ही दूसरी घटना हुई। लखीमपुर खीरी के मैलानी क्षेत्र के गंगापुर निवासी 18 वर्षीय पुष्पेंद्र भारती पुत्र बांकेलाल अपने साथियों दीपक, जातीन, किशन कुमार और अंकित के साथ गंगा में जल भरने आया था। स्नान के दौरान पुष्पेंद्र गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों, गोताखोरों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे बाहर निकाल लिया। बाद में पुष्पेंद्र को पांचाल घाट चौकी पर उसके साथियों के सुपुर्द कर दिया गया।सावन माह में पांचाल घाट पर बड़ी संख्या में कांवरियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। घाट पर गोताखोरों की तैनाती के साथ पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में गहरे पानी की ओर न जाएं और नदी में किसी भी तरह का जोखिम न लें।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]