फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सावन के दूसरे सोमवार को पूरे जनपद में शिवभक्ति की धूम रही। सुबह से ही जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर भांग, धतूरा और बेलपत्र अर्पित किए तथा सुख-समृद्धि की कामना करते हुए मन्नतें मांगीं। मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे।पांचाल घाट स्थित गंगा तट पर देर रात से ही कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। गंगा स्नान के बाद कांवड़ियों ने पवित्र जल भरा और गोला गोकर्णनाथ, पुठरी महादेव, चौमुखी महादेव शमसाबाद, रामेश्वर महादेव, कंपिल सहित विभिन्न शिवधामों की ओर रवाना हुए। कांवड़ियों के जत्थों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। डीजे की धुन पर झूमते हुए कांवड़िये हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाते नजर आए।शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाबफर्रुखाबाद शहर में रेलवे रोड स्थित स्टेट पांडेश्वर नाथ मंदिर, घुमना स्थित कोतवालेवर महादेव, पुराना कोठा पर्चा स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर, अंगूरीबाग महाकाल मंदिर, गंगा दरवाजा स्थित पत्थर वाली मठिया और नवलपुर स्थित मोटे महादेव मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।वहीं फतेहगढ़ में सेंट्रल जेल के निकट बिजाधरपुर स्थित शिव शक्ति महाकाल मंदिर, आवास विकास स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी भक्तों ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और जलाभिषेक कर आशीर्वाद मांगा।कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को भोग लगाकर भंडारे का आयोजन किया। भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इससे पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा।पांचाल घाट पर पुलिस रही मुस्तैदकांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पांचाल घाट पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। गंगा स्नान के लिए पहुंचे कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती।पांचाल घाट के आसपास दुर्वासा ऋषि आश्रम, ओटला महादेव और नन्हे पंडित घाट समेत विभिन्न स्थानों से कांवड़ियों ने गंगाजल भरा और गोला गोकर्णनाथ सहित अन्य शिवधामों की ओर प्रस्थान किया। रास्ते भर भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।सावन के दूसरे सोमवार पर कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। डीजे की धुन पर नृत्य करते और भोलेनाथ के जयकारे लगाते कांवड़िये लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई।
सावन के दूसरे सोमवार को गूंजा हर-हर महादेव, कांवड़ियों ने लगाए भोले के जयकारे
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



