डीएम ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था परखी

0
49

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कायमगंज तहसील के विकासखंड शमसाबाद स्थित प्राथमिक विद्यालय अजीजाबाद और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रजलामई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अध्ययन-अध्यापन कार्य की प्रगति, छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक स्थिति तथा विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।प्राथमिक विद्यालय अजीजाबाद में जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली और विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन और पाठ्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने निर्देश दिए कि कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देते हुए नियमित रूप से उनकी शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन किया जाए। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त शिक्षण कार्य कराकर प्रत्येक विद्यार्थी के सीखने के स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।इसके बाद जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रजलामई का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा विद्यालय में सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]