प्रसूता व नवजात की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा, परिजनों से मारपीट का आरोप, हाईवे पर लगाया जाम

0
81

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद। शहर के नरायनपुर मोहल्ले में प्रसव के दौरान महिला और उसकी नवजात बेटी की मौत के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने मेजर एसडी सिंह मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों पर उपचार में गंभीर लापरवाही बरतने, शव सौंपने में आनाकानी करने तथा विरोध करने पर मारपीट करने के आरोप लगाए। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने इटावा-बरेली हाईवे पर ग्राम विजाधरपुर के निकट जाम लगा दिया | नरायनपुर निवासी जितेंद्र कुमार पापड़ी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। जितेंद्र नें बताया की शुक्रवार को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर उन्होंने पत्नी सविता को मेजर एसडी सिंह मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। शनिवार सुबह सविता ने एक बच्ची को जन्म दिया। जितेंद्र के अनुसार, प्रसव के बाद अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने मां और बच्ची की हालत सामान्य बताई थी। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी नवजात बेटी को कुछ समय के लिए गोद में भी लिया था। इसके बाद अचानक अस्पताल की ओर से बच्ची की हालत बिगड़ने और उसकी मृत्यु की सूचना दी गई। कुछ देर बाद सविता को वेंटिलेटर पर होने की जानकारी दी गई और बाद में उसकी भी मौत होने की बात परिजनों को बताई गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों ने उनसे कुछ कागजातों पर अंगूठे लगवा लिए। इसके बाद जब परिवार के लोगों ने दोनों शवों को उनके सुपुर्द करने की मांग की तो अस्पताल कर्मियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुरक्षा गार्डों और कर्मचारियों ने जितेंद्र तथा परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट की।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध के दौरान जितेंद्र के बुजुर्ग पिता के पैर पर एंबुलेंस का पहिया चढ़ गया। परिवार का आरोप है कि नवजात और प्रसूता के शवों को लेकर भी अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी, जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए ग्रामीणों ने दोपहर करीब तीन बजे नरायनपुर के सामने रिलायंस पेट्रोल पंप के पास इटावा-बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात बाधित रहा।परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार चिकित्सकों और अस्पताल कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा। कोतवाल फतेहगढ़ तेज सिंह, थानाध्यक्ष कादरी गेट कपिल कुमार, सेन्ट्रल जेल चौकी प्रभारी शिव कुमार मौके पर पंहुचे और परिजनों कों समझाकर शांत किया और जाम खुलवाया,पुलिस शव का पोस्ट मार्टम कराकर कार्यवाही की बात कर रही हैँ |

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]