डीएम ने स्टीमर से पहुंचकर लिया बाढ़ प्रभावित गांव का जायजा,

0
62

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को अमृतपुर तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित तीस राम की मड़ैया गांव का दौरा कर हालात का जायजा लिया। वह अधिकारियों के साथ करीब दो किलोमीटर तक स्टीमर से सफर करके गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण महिलाओं से बातचीत की और स्वास्थ्य विभाग को गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यदि गंगा का जलस्तर और बढ़ता है तो वे अपने परिवारों के साथ सुरक्षित स्थानों पर पहुंच जाएं।जिलाधिकारी ने बताया कि तीस राम की मड़ैया गांव चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिरा हुआ है। फिलहाल गांव के अंदर पानी नहीं पहुंचा है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। गांव में करीब 300 लोग निवास कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से गांव में चिकित्सा शिविर संचालित किया जा रहा है, जहां मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।इसके बाद जिलाधिकारी ने चित्रकूट स्थित सरला रामनिवास महाविद्यालय में बनाए गए बाढ़ राहत केंद्र का निरीक्षण किया। यहां लगभग 50 परिवारों को ठहराया गया है। उन्होंने महिलाओं से बातचीत कर भोजन, पेयजल और अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय बंद रहने की स्थिति में शिक्षकों को राहत शिविरों में भेजा जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इसके अलावा पशुओं की देखभाल के लिए भी विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। पशु चिकित्सा अधिकारी धीरज कुमार को पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, दवाओं के वितरण और टीकाकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई।इस दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, उप जिलाधिकारी श्वेता साहू, थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह, चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमित राजपूत रहे|

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]