लगातार दूसरे दिन मिला नवजात का शव, क्षेत्र में हड़कंप

0
67

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया,रविवार को कादरी गेट चौकी से लगभग 200 मीटर दूरी पर पांचालघाट रोड स्थित सड़क किनारे एक गड्ढे में नवजात बालक का शव पड़ा मिला।स्थानीय लोगों ने डायल 112 और थाना कादरी गेट पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी के.के. कश्यप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार नवजात मृत अवस्था में मिला तथा उसके सिर का कुछ हिस्सा आवारा कुत्तों द्वारा नोच लिया गया था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि शनिवार को भी थाना कादरी गेट क्षेत्र के आवास विकास चौकी अंतर्गत बढ़पुर स्थित कूड़े के ढेर के पास एक नवजात का शव मिला था, जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले लगभग छह महीनों में थाना कादरी गेट क्षेत्र में एक दर्जन के करीब नवजात शिशुओं के शव मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हर बार पुलिस द्वारा शीघ्र खुलासे का दावा किया जाता है, लेकिन अधिकांश मामलों का कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। इससे लोगों में चिंता और नाराजगी बढ़ती जा रही है।घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक निजी नर्सिंग होम संचालित होने के कारण भी लोगों के बीच विभिन्न प्रकार की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी भी प्रकार की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी होने की बात कही है।

[adrotate banner="3"]

चौकी प्रभारी केके.कश्यप ने जेएनआई को बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर किसी ने घटना को अंजाम दिया।

[adrotate banner="2"]