फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मानव तस्करी, विशेषकर बाल तस्करी के मामलों की प्रभावी निगरानी एवं रोकथाम के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक दोपहर 1 बजे शुरू हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक में वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, एआरटीओ रोडवेज, सहायक श्रमायुक्त, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बचाव एवं पुनर्वास अभियानों की संख्या बढ़ाई जाए और अधिक से अधिक संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने श्रम विभाग को एएचटीयू टीम और जिला प्रोबेशन अधिकारी की संयुक्त टीम के साथ ढाबों, होटलों और दुकानों पर नियमित छापेमारी करने के निर्देश दिए।एआरटीओ रोडवेज को भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि कई बार अन्य जनपदों से बच्चों को बसों के माध्यम से लाकर विभिन्न कार्यों में लगाया जाता है। ऐसे में बसों की नियमित जांच कर मानव तस्करी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर बाल तस्करी की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने का आह्वान किया गया।
मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक संपन्न
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



