फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय सचिव रामआसरे विश्वकर्मा मंगलवार को फतेहगढ़ स्थित सेंट्रल जेल पहुंचे, जहां उन्होंने पिछले चार वर्षों से निरुद्ध आजमगढ़ के सपा विधायक रमाकांत यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। रामआसरे विश्वकर्मा ने आरोप लगाया
कि भाजपा सरकार विपक्षी नेताओं के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि जेल में निरुद्ध विधायक रमाकांत यादव को नियमों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उनका आरोप था कि केवल समाजवादी पार्टी से जुड़े होने के कारण उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार संविधान की भावना के अनुरूप कार्य नहीं कर रही है।दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश के भविष्य के लिए आवाज उठाने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज करना उचित नहीं है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने का अधिकार है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंचे सांसद डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव को भी पुलिस ने थाने में बैठा लिया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। पूर्व मंत्री ने कहा कि जो सरकार समय पर पंचायत चुनाव तक नहीं करा पा रही है, वही “वन नेशन, वन इलेक्शन” की बात कर रही है। उन्होंने भाजपा को जनभावनाओं के प्रति असंवेदनशील बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव, जिला महासचिव इलियास मंसूरी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



