फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) जनपद में सोमवार देर रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश ने सुबह होते-होते जनपद वासियों की लिए नई मुसीबत को जनम दे दिया, कुछ समय तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मुख्य मार्गों और मोहल्लों में पानी भर जाने से आम जनजीवन प्रभावित रहा तथा लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।शहर के मेंन रोड स्थित लाल सराय पानी टंकी से बूरा वाली गली तक सड़क पर पानी भर गया, जिससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा। बारिश रुकने के बाद भी जलभराव के कारण लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही। वाहन रेंगते हुए निकलते रहे और राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।बारिश का असर शहर के कई मोहल्लों में देखने को मिला। गंगानगर, नरकसा, इस्माइलगंज सानी,तलैया फज़ल इमाम,सुनहरी मस्जिद,नाला सिम्त सुमाल, पक्का पुल, नरकसा,दिल्ली ख्याली कूंचा सहित अन्य क्षेत्रों में सड़कों और गलियों में पानी भर गया। कई स्थानों पर घरों के बाहर तक पानी पहुंच गया, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई।रोडवेज बस स्टॉप के निकट भी जलभराव होने से यात्रियों और वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वहीं हाल ही में बनाए गए नाले के ऊपर अब तक पटिया नहीं रखी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, खुले नाले में कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार सोमवार को एक पुलिसकर्मी भी बाइक सहित नाले में गिर गया, हालांकि उसकी स्थिति के संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।शहरवासियों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश में ही फर्रुखाबाद की सड़कों का जलमग्न हो जाना नगर पालिका की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने मांग की है कि नगर पालिका जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाए, ताकि प्रत्येक बारिश में शहरवासियों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।



