तहसील समाधान दिवस में पहुंचे 189 मामले, 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

0
34

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कायमगंज तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होना चाहिए। डीएम ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सभी अधिकारी जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ समाधान करें। उन्होंने गंभीर मामलों में मौके पर जाकर जांच करने तथा नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को भूमि संबंधी विवादों का संयुक्त निरीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। समाधान दिवस में कुल 189 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 65 राजस्व, 46 पुलिस, 21 विकास, 28 विद्युत, 8 आपूर्ति, 5 नगर पालिका/नगर पंचायत तथा 16 अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल रहे। इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]