तीन साल का इंतजार खत्म,रेलवे रोड निर्माण कार्य पूर्ण,जल्द जगमगाएंगी स्ट्रीट लाइटें,अब ‘मॉडल रोड’ बनाने की तैयारी

0
61

फर्रुखाबाद:(नगर संबाददाता) करीब तीन वर्ष पहले अतिक्रमण से मुक्त कराई गई रेलवे रोड पर सड़क और फुटपाथ निर्माण का कार्य आखिरकार पूरा हो गया। शनिवार को नगर पालिका ने चौक से रेलवे स्टेशन तक डामरीकरण और फुटपाथ निर्माण का कार्य पूर्ण करा दिया। अब सड़क के सुंदरीकरण के तहत स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। ऐसे में शहरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रेलवे रोड को मॉडल रोड का स्वरूप कब तक मिल पाता है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार ने शुक्रवार देर शाम एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से सहयोग की अपील की थी। उन्होंने बताया था कि निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए शुक्रवार रात से शनिवार तक रेलवे रोड पर यातायात बंद रखा जाएगा।
निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे ठेकेदार सन्नू गुप्ता ने बताया कि पूरी रात लगातार काम कर शनिवार दोपहर तक चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क पर डामर बिछाने और फुटपाथ निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया। उन्होंने कहा कि अगले चरण में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी शीघ्र पूरा कराया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष पति मनोज अग्रवाल ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराया गया। रात-दिन काम कराकर सड़क और फुटपाथ का कार्य समय से पूरा कराया गया है। उन्होंने कहा कि जो कार्य शेष हैं, उन्हें भी जल्द पूरा कर रेलवे रोड को बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। नगर पालिका का लक्ष्य रेलवे रोड को शहर की एक मॉडल रोड के रूप में विकसित करना है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]