प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं:जयवीर सिंह

0
46

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विकास कार्यक्रमों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगमता से मिलना चाहिए तथा विकास कार्यों में किसी भी स्तर की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में सांसद मुकेश राजपूत, विधायक डॉ. सुरभि, विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर तथा मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने प्रभारी मंत्री का पौधा एवं ओडीओपी उत्पाद भेंट कर स्वागत किया। समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी जनप्रतिनिधियों के फोन अवश्य उठाएं और नियमित संवाद बनाए रखें। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन परियोजनाओं की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग को स्थायी और अस्थायी नलकूपों का विवरण जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने तथा स्वीकृत धनराशि के अनुसार नए नलकूप स्थापित करने को कहा गया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को बेवर रोड पर सड़क मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। उद्योग विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने पर जोर दिया गया। विद्युत विभाग को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की अवधि बढ़ाने तथा वास्तविक प्रगति के अनुरूप ही शासन को रिपोर्ट भेजने की चेतावनी दी गई। स्वास्थ्य विभाग को ग्रामीण एवं शहरी स्वास्थ्य इकाइयों में चिकित्सकों और कर्मचारियों के स्वीकृत तथा रिक्त पदों का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, ग्रामीण विकास और स्वच्छता सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला विकास अधिकारी ने विकास कार्यों की विभागवार प्रगति और लंबित परियोजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की।इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए ईसीसीई किट, स्वयं सहायता समूह की विद्युत सखी महिलाओं को ई-पॉश मशीन, मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चाबियां, दिव्यांगजनों को ब्रेल किट, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के स्वीकृति पत्र, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के बीमा प्रमाणपत्र, स्वामित्व योजना के घरौनी पत्र तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के प्रमाणपत्र सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री और प्रमाणपत्र वितरित किए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी एस.के. तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]