फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के स्ट्रीट फूड वेंडर्स एवं खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा 18 जुलाई (शनिवार) को एक दिवसीय खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे नव भारत सभा भवन में होगा, जिसकी अध्यक्षता फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत करेंगे। प्रभारी सहायक आयुक्त खाद्य संजय कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन एफएसएसएआई के उत्तरी क्षेत्र कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा “ईट राइट इंडिया अभियान” के तहत किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ टीम प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के मानकों, सुरक्षित भोजन तैयार करने, भंडारण और परोसने के तरीकों की व्यवहारिक जानकारी देगी। प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को एफएसएसएआई की ओर से प्रमाण-पत्र तथा निःशुल्क खाद्य सुरक्षा किट भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने जनपद के सभी स्ट्रीट फूड वेंडर्स एवं खाद्य कारोबारियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “सीखें, समझें, सुरक्षित परोसें” की अवधारणा पर आधारित यह कार्यशाला खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने तथा खाद्य कारोबारियों के प्रति ग्राहकों का विश्वास मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
18 जुलाई को स्ट्रीट फूड वेंडर्स को मिलेगा खाद्य सुरक्षा का प्रशिक्षण
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



