एक ही रात चार दुकानों के ताले टूटे, नकदी व सामान चोरी

0
53

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) क्षेत्र के ग्राम इमादपुर सोमवंशी में बीती देर रात चोरों ने एक के बाद एक चार दुकानों को निशाना बनाकर क्षेत्र में दहशत फैला दी। अज्ञात चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर नकदी एवं हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह दुकानदारों के पहुंचने पर हुई। जानकारी के अनुसार, चोरों ने उपदेश पुत्र अनिल सिंह की परचून की दुकान, सतीश की समोसे की दुकान, इकबाल की सब्जी की दुकान तथा झल्लू के खोखे के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकानदारों के अनुसार दुकानों से नकदी सहित अन्य सामान गायब मिला। घटना की सूचना मिलते ही थाना राजेपुर के उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा साक्ष्य जुटाए। पीड़ित पक्ष ने मामले में लायकपुर निवासी एक युवक पर संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। लगातार हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश और भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]