संचारी रोगों पर वार: विशेष नियंत्रण अभियान शुरू, जागरूकता रैली रवाना

0
86

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान-2026 का बुधवार को शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी श्रीमती अंकुर लाठर ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। यह अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक पूरे जनपद में संचालित होगा।जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने आमजन से अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव न होने देने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग नगर निकाय, पंचायती राज, शिक्षा, बाल विकास एवं अन्य विभागों के सहयोग से एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, स्रोत निस्तारण, साफ-सफाई, रोगियों की सक्रिय खोज तथा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाएगा। आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस (JE), एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (AES) सहित अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देंगी।जागरूकता रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय, नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के अधिशासी अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी शामिल हुए।अभियान के तहत पूरे जुलाई माह में विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियाँ, गोष्ठियाँ तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) गतिविधियों के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने जनपद फर्रुखाबाद को संचारी रोगों से मुक्त बनाने तथा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान-2026 को सफल बनाने का संकल्प लिया।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]